- गुलशन ने जीता स्वर्ण, प्रियांशु, खुशी और मनोरमा ने हासिल किए रजत पदक
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। 61वीं उत्तर प्रदेश स्टेट ओपन जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप-2026 में शानदार प्रदर्शन के आधार पर फिरोजाबाद के आठ खिलाड़ियों का 41वीं राष्ट्रीय जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए चयन हुआ है। प्रतियोगिता 23 से 27 अक्तूबर तक चेन्नई में होगी। खिलाड़ियों में उत्साह है।
चयनित खिलाड़ियों में अपूर्वा गुर्जर, प्रियांशु, शिवम यादव, खुशी यादव, अभय प्रताप सिंह, आदित्य सिंह, गुलशन कुमार और मनोरमा सिकरवार शामिल हैं। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में गुलशन कुमार ने ऊंची कूद में 1.81 मीटर की छलांग लगाकर स्वर्ण पदक जीता। प्रियांशु और खुशी यादव ने रजत पदक हासिल किए। मनोरमा सिकरवार ने 400 मीटर बाधा दौड़ में रजत और 400 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीता। सवन कुमार ने लंबी कूद में कांस्य पदक प्राप्त किया।
जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के सचिव श्यामवीर ने कहा कि खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। आठ खिलाड़ियों का राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन जिले के लिए गर्व की बात है। इस उपलब्धि पर अध्यक्ष श्यामपाल सिंह, प्रबंधक श्रीराम कुशवाहा, सचिव श्यामवीर सहित एसोसिएशन के पदाधिकारियों और प्रशिक्षकों ने खिलाड़ियों को बधाई दी और चेन्नई में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई।