फिरोजाबाद। यमुना की तलहटी वाले इलाकों में नेट की कनेक्टिविटी नहीं आने से त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में दिक्कत हो सकती है। सेक्टर मजिस्ट्रेटों की रिपोर्ट मिलने के बाद सदर ब्लाक की बीडीओ ने सभी पंचायत सचिवों से इसकी जांच कराने का निर्णय लिया है। इसके साथ ब्लाक क्षेत्र के मतदान केंद्रों पर पानी, रैंप के साथ शौचालय की व्यवस्था की चेकिंग के निर्देश दिए। ताकि मतदान के दौरान किसी प्रकार की दिक्कत न हो।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारियां युद्ध स्तर पर चल रही हैं। डीएम और जिला निर्वाचन अधिकारी चंद्र विजय सिंह ने सभी सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेट को अपने-अपने क्षेत्र के मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं को जांचकर रिपोर्ट देने के आदेश दिए थे। फिरोजाबाद ब्लाक के सेक्टर मजिस्ट्रेट ने जो रिपोर्ट दी उसमें यमुना की तलहटी वाले करीब 106 बूथ ऐसे हैं जहां नेट कनेक्टिविटी (मोबाइल का सिंगनल) नहीं आ रहे हैं।
मोबाइल सिंगनल के साथ ही साथ 49 मतदान केंद्रों पर पानी की किल्लत, सात पर फर्नीचर,16 स्कूलों में चार दीवारी नहीं होने दो स्कूलों में रैंप नहीं बने होने की रिपोर्ट दी थी। सेक्टर मजिस्ट्रेट की रिपोर्ट आने के बाद बीडीओ रचना गुप्ता ने ब्लॉक के सभी यमुना की तलहटी वाली पंचायतों के सचिवों को गांव में दौड़ा दिया है। सचिवों को हिदायत दी है कि जिन-जिन क्षेत्रों में नेट कनेक्टिविटी नहीं आने की सूचना मिली है वहां जाकर फोन करने के साथ लोकेशन भी डालेंगे।
ताकि नेट आने की स्थिति स्पष्ट हो सके। बीडीओ रचना गुप्ता ने बताया कि पानी की समस्या का निदान कराने के साथ फर्नीचर एवं रैंप की समस्या का समाधान लगभग हो गया है। क्योंकि दो स्कूलों में फर्श से सिर्फ तीन इंच भूमि नीची है। लेकिन वहां सुधार करा रहे हैं। नेट कनेक्टिविटी की दिक्कत सेक्टर मजिस्ट्रेटों ने 106 बूथों पर बताई है। उसकी यमुना की तलहटी क्षेत्र सचिवों के माध्यम से जांच करा रहे हैं।