सरकारी जमीन को लेकर विवाद को सुलझाने पहुंचे एसडीएम
औरंगाबाद में है मंगलदल और प्राथमिक विद्यालय की जमीन
संवाद न्यूज एजेंसी
जसराना। जसराना के गांव औरंगाबाद में सरकारी जमीन को लेकर चल रहे विवाद को सुलझाने पहुंचे एसडीएम ने जमीन की पैमाइश कराई। इस दौरान विरोध का भी सामना करना पडा। पैमाइश के दौरान राजस्व, पुलिस एवं ब्लाक की टीम मौजूद रही।
जसराना के गांव औरंगाबाद में ग्राम पंचायत एवं प्राथमिक विद्यालय की खाली जगह पर बाउंड्रीवॉल का निर्माण कराया जाना है। इसी के तहत कार्य शुरु करने पर गांव के राजवीर सिंह ने विरोध करना शुरु कर दिया। इस दौरान उन्होंने अपने खेत तक जाने के लिए रास्ते की मांग कर दी। इसी को लेकर हुए विवाद के बाद प्रधान एवं सचिव ने पूरे मामले से एसडीएम जसराना पारसनाथ मौर्या को अवगत कराया। मंगलवार को एसडीएम पारसनाथ मौर्या, बीडीओ रजत कुशवाहा, एसएसआई कृपाल सिंह, सचिव उपेंद्र सिंह पुलिस एवं राजस्व टीम के साथ गांव में पहुंचे। एसडीएम ने अपनी मौजूदगी में जमीन की पैमाइश कराकर निशान लगवाया। इस दौरान राजवीर ने विरोध किया तो पुलिस ने समझाया। एसडीएम ने कहा सरकारी जमीन की पैमाइश करा दी गई है। विवाद खत्म हो गया है।
प्राथमिक विद्यालय में नहीं मिली सफाई
जसराना। बीडीओ जसराना ने प्राथमिक विद्यालय औरंगाबाद का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कमियां मिलने पर उन्हें सुधार करने के निर्देश ग्राम पंचायत सचिव को दिए।
खंड शिक्षा अधिकारी रजत कुशवाहा मंगलवार को प्राथमिक विद्यालय औरंगाबाद पहुंचे और विद्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सफाई के साथ अन्य कमियां मिली। जिन्हें दूर करने का निर्देश सचिव उपेंद्र सिंह और विद्यालय के अध्यापकों को दिए। संवाद