फिरोजाबाद। दो दिन बाद जिले के परिषदीय विद्यालय खुल गए। लेकिन बारिश थमने के बाद कई विद्यालयों में जलभराव की स्थिति रही। बच्चों को जलभराव से होकर कक्षाओं तक जाना पड़ा। कई विद्यालयों को गांव के दूसरे स्थान पर संचालित किया गया। जलभराव ने विद्यालयों में कराए जा रहे कायाकल्प की पोल खोल दी है।
शनिवार और रविवार को बारिश हुई थी। प्रशासन ने कक्षा एक से 12वीं तक के विद्यालयों का दो दिन का अवकाश दिया था। बुधवार को जब विद्यालय खुले तो दो दर्जन से ज्यादा विद्यालयों में बारिश का पानी विद्यालय परिसर में भरा हुआ था। अरांव ब्लाक के पिड़सरा उच्च प्राथमिक विद्यालय में बच्चे कक्षाओं तक नहीं पहुंच सके। ऐसे में गांव में ही संचालित प्राइमरी स्कूल के भवन में कक्षाएं संचालित करनी पड़ी।
प्राइमरी नगला चैन की स्थिति सबसे ज्यादा खराब रही। यहां जलभराव होने के कारण गेट तक नहीं खुला। ऐसे में गांव में किसी के घर के बाहर कक्षाएं संचालित की गईं। उच्च प्राथमिक विद्यालय नगला लेखराज और प्राइमरी नगला कंही में भी जलभराव के कारण मैदान में ईंटे रखकर विद्यार्थी कक्षाओं तक पहुंचे।
बीएसए अंजली अग्रवाल ने बताया कि जिन विद्यालयों में जलभराव है, उनमें मनरेगा के तहत कार्य होगा। हम सूचना एकत्रित कर सूची संबंधित विभाग को सौंपेंगे। प्रयास होगा कि विद्यालय में जलभराव न हो।