साक्षात्कार के लिए युवा उद्योग केंद्र पहुंचे
समाजवादी युवा स्वरोजगार सृजन कार्यक्रम के अंतर्गत जिला उद्योग केंद्र में साक्षात्कार के लिए दिनभर युवाओं की भीड़ रही। डीएम द्वारा गठित टास्क फोर्स कमेटी द्वारा लिए गए साक्षात्कार में कई युवा योजना के संबंध में जानकारी तक नहीं दे सके। इस दौरानकमेटी द्वारा 123 आवेदन निरस्त कर दिए गए।
उपायुक्त उद्योग वीरेंद्र कुमार की अध्यक्षता में टास्क फोर्स कमेटी में शामिल अफसरों ने युवाओं के साक्षात्कार लिए। विभाग द्वारा बुधवार को साक्षात्कार के लिए 151 युवाओं को आमंत्रित किया गया था। इनमें 33 युवा अनुपस्थित रहे। कमेटी में शामिल अफसरों द्वारा लिए गए साक्षात्कार के दौरान करीब एक दर्जन युवा ऐसे थे, जो कक्षा आठ पास थे। कई युवक प्रोजेक्ट के संबंध में कोई जानकारी नहीं दे सके। वह यह भी नहीं बता सके कि आखिर ऋण लेने के बाद कौन सा काम करेंगे? इस तरह कमेटी द्वारा कुल 123 आवेदन निरस्त कर मात्र 35 आवेदनकर्ताओं को ऋण स्वीकृति दी। साक्षात्कार में उपायुक्त उद्योग वीरेंद्र कुमार, एलडीएम सुरेंद्र कुमार, सेवा योजना अधिकारी, प्राचार्य पॉलीटेक्निक, आईटीआई, बैंक अधिकारी मौजूद रहे।