उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनावों की सरगर्मी के बीच, अमर उजाला की 'सत्ता का संग्राम' अभियान टीम ने शिकोहाबाद विधानसभा क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान टीम ने किसानों, युवाओं और स्थानीय निवासियों से आगामी चुनावों के संभावित मुद्दों और क्षेत्र के विकास पर विस्तृत बातचीत की।
शिकोहाबाद के किसानों ने बताई समस्याएं
किसानों ने मुख्य रूप से खाद की उपलब्धता और फसल के उचित मूल्य मिलने जैसे मुद्दों को उठाया। उन्होंने बताया कि आलू की खेती इस क्षेत्र में प्रमुख है, और सरकार को खाद की आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा किसानों को उनकी उपज का सही दाम दिलाने पर ध्यान देना चाहिए।
शिकोहाबाद के युवाओं से मुद्दों पर बात
शिकोहाबाद के युवाओं ने शिक्षा और रोजगार को अपने प्रमुख मुद्दे बताया। उनका कहना है कि विधायक ऐसा हो, जो उनकी बातों को सुने और इन क्षेत्रों में सुधार के लिए काम करे। चिकित्सा और किसानी से जुड़े अन्य मसलों पर भी उन्होंने अपनी राय रखी।
शिकोहाबाद में शिक्षा, चिकित्सा का कैसा हाल
एक स्थानीय निवासी के अनुसार, 2014 के बाद से शिकोहाबाद में शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण परिवर्तन हुए हैं। योगी सरकार के कार्यकाल में नकल माफिया पर लगाम कसी गई है और सभी छात्रों को समान शिक्षा प्रदान करने का प्रयास किया जा रहा है। कई नए स्कूल और विश्वविद्यालय भी खुले हैं। पहले शिकोहाबाद नकल के लिए जाना जाता था, नकल माफिया की कमर तोड़ने का काम योगी सरकार में हुआ है। सभी छात्रों को समान शिक्षा देने का काम किया जा रहा है।
शिकोहाबाद में कैसी है सुरक्षा व्यवस्था?
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों ने संतोष व्यक्त किया। एक युवा व्यवसायी ने कहा कि 2017 के बाद से व्यवसायी खुद को अधिक सुरक्षित महसूस कर रहे हैं और बेफिक्र होकर कारोबार कर रहे हैं। पिछली सरकारों के मुकाबले वर्तमान में व्यापारियों में भय कम हुआ है।
महिला सुरक्षा के दावों में कितनी सच्चाई
महिला सुरक्षा को लेकर हमने महिलाओं से बात की। एक शिक्षिका ने कहा कि महिला सुरक्षा तो यहां सही है। हम लोग सुरक्षित महसूस करते हैं। शिक्षा के मामले में शिकोहाबाद आगे है। कई स्कूल खुल गए हैं। यहां पर कई यूनिवर्सिटीज भी आ गई हैं। मुझे लगता है कि यहां महिलाओं के लिए कोई प्रॉब्लम नहीं है।