शिकोहाबाद। तहसील सभागार में मंगलवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन जिलाधिकारी चंद्र विजय सिंह की अध्यक्षता में हुआ। समाधान दिवस में 130 शिकायतें आईं। जिनमें से छह का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष समस्याओं को एक सप्ताह के अंदर समाधान कराने के अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देश दिये। इस दौरान 10 विकलांग प्रमाणपत्र जारी किए गए।
संपूर्ण समाधान दिवस में सुबह से ही फरियादियों की भीड़ जुटना शुरू हो गई। लोगों ने अपनी शिकायतों के निस्तारण की गुहार लगाई। शिकायतों में से छह का जिलाधिकारी द्वारा मौके पर ही निस्तारण कराया। आवास विकास कॉलोनी के लोग सभासद पंचम सिंह यादव उर्फ पंछी के नेतृत्व में जिलाधिकारी से मिले। उन्होंने बताया कि आवास विकास कॉलोनी की सड़कों एवं नाली निर्माण के संबंध में ज्ञापन दिया। इसमें कहा गया कि सड़कों एवं नालियों की मरम्मत एवं निर्माण कार्य आवास विकास प्राधिकरण द्वारा कराया जा रहा था, जो पिछले दो माह से बंद पड़ा है। सभासद पति शीलेंद्र सिंह ने प्रतापपुर रोड पर टूटी सड़क की शिकायत की।
गंगानगर निवासी राम अवतार ने पानी की पाइप लाइन के संबंध में प्रार्थना पत्र दिया। समाजसेवी विनोद कुमार यादव ने जिला संयुक्त चिकित्सालय में अनियमितता को लेकर शिकायत की। दिखतौली निवासी ओमकार सिंह, सिकंदर सिंह, सनी यादव, सहित कई लोगों ने डीएम से चकरोड पर दबंगों द्वारा किये गये कब्जे की शिकायत की। तहसील प्रशासन ने अतिक्रमण हटवाये जाने के निर्देश दिये थे, लेकिन आज तक अतिक्रमण नहीं हटवाया गया है। इस दौरान एसएसपी सचिंद्र पटेल, सीडीओ नेहा जैन, उपजिलाधिकारी एकता सिंह, सीओ अजय सिंह चौहान, बीएसए अरविंद पाठक, और जिलाविद्यालय निरीक्षक रितु गोयल मौजूद रहीं।
---
संपूर्ण समाधान दिवस में आईं 117 शिकायतें
टूंडला। तहसील सभागार में उपजिलाधिकारी केपी सिंह तोमर की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। समाधान दिवस में 117 फरियादियों ने शिकायतें दर्ज करायीं, किंतु मौके पर एक भी शिकायत का समाधान नहीं हो सका। मंगलवार को तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में एसडीएम तोमर ने फरियादियों की शिकायतें सुनीं। समाधान दिवस में अधिकतर अबैध कब्जा, पानी, बिजली, पेंशन आदि की शिकायतें आईं। बाबजूद इसके मौके पर एक भी शिकायत का निस्तारण नहीं हो सका। इस दौरान तहसीलदार गजेन्द्र पाल सिंह सहित तहसील स्तर के अधिकारी मौजूद रहे।