फिरोजाबाद। कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को सीडीओ शत्रोहन वैश्य ने कृषि और पंचायती राज विभाग की समीक्षा बैठक की। विकास कार्यों में लापरवाही और बिना सूचना अनुपस्थित रहने वाले कर्मियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए सीडीओ ने उनका एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। साथ ही, 15वें वित्त आयोग की धनराशि खर्च करने में फिसड्डी रहे सचिव राहुल, मानवेंद्र सिंह और गौरव कुमार को कड़ी चेतावनी जारी की गई।
कृषि विभाग की समीक्षा में किसान सम्मान निधि के लंबित आवेदनों पर नाराजगी जताते हुए सीडीओ ने उनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए, हालांकि फसल बीमा और पीएम कुसुम योजना के लक्ष्य पूर्ण होने पर संतोष जताया। पंचायती राज विभाग के अंतर्गत उन्होंने अधूरे अंत्येष्टि स्थलों और पंचायत भवनों को इसी वित्तीय वर्ष में पूर्ण करने को कहा। बैठक में बताया गया कि 482 ग्राम पंचायतों में आरआरसी सेंटर तैयार हो चुके हैं। इस दौरान एडीएम नमामि गंगे मोहनलाल गुप्ता सहित सभी खंड विकास अधिकारी और संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। संवाद