परिसीमन पर आपत्ति दर्ज कराते कांग्रेस के कार्यकर्ता।
नगर निगम चुनाव के लिए नए सिरे हुए 70 वार्डों के परिसीमन पर आपत्ति दाखिल करने वालों की संख्या में इजाफा हो रहा है। परिसीमन के खिलाफ गुरुवार को कांग्रेस नेता, पूर्व सभासद व अधिवक्ता द्वारा प्रभारी नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंप कर आपत्ति दर्ज कराई गई।
आसफाबाद क्षेत्र के पूर्व सभासद अशोक कुमार ने प्रमुख सचिव के नाम प्रभारी नगर आयुक्त प्रमोद कुमार को आपत्ति दर्ज कराते हुए कहा कि नए परिसीमन में आसफाबाद को वार्ड नंबर 21 बनाया गया है, जिसे नियम विरुद्ध तरीके से तीन भागों में बांट दिया गया है। रेलवे के दक्षिण भाग में मोती नगर, रेलवे लाइन से उत्तर भाग, फोरलेन के दक्षिण भाग में अमृती नगर और फोरलेन के उत्तर भाग में ऐलानी नगर, दुर्गा मंदिर वाली गली, मठ मंदिर क्षेत्र है। वार्ड नंबर 21 में जातीय आधार पर अनुसूचित जाति के मतदाताओं की संख्या 1582 दर्शाई गई है। हालांकि अनुसूचित मतदाताओं की वास्तविक संख्या 4200 से अधिक है। अत: वार्ड नंबर 21 के परिसीमन में सुधार करें, जिससे जनता को परेशानी न हो। प्रवीन यादव एडवोकेट ने आपत्ति दर्ज कराते हुए कहा है कि नए परिसीमन अधिकारी कर्मचारियों द्वारा मनमानी की गई है। वार्ड काटते समय किसी से राय तक नहीं ली गई। अत: वार्ड नंबर 21 से मोहल्ला मोती नगर को हटाकर उसके स्थान पर राठौर नगर, ओमनगर को जोड़ा जाए। साथ ही अनुसूचित मतदाताओं की संख्या को संशोधित किया जाए।
बाक्स--
एक मोहल्ले को एक ही वार्ड में रखा जाए
उप्र कांग्रेस कमेटी व्यापार प्रकोष्ठ के प्रांतीय महासचिव सतीशचंद्र अग्रवाल के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने प्रभारी नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेसियों ने कहा कि नए परिसीमन में एक मोहल्ले को एक ही वार्ड में रखा जाए। हर वार्ड में पोलिंग बूथ 300 मीटर की परिधि में रखा जाए। श्रीराम कालोनी को निगम सीमा में शामिल किया जाए। ईवीएम के स्थान पर बैलेट पेपर से चुनाव कराए जाएं। मतदान के बाद मतपेटियों को केंद्रीय सुरक्षा बलों की देखरेख में रखा जाए। ज्ञापन देने वालों में अजय शर्मा, अमित गुप्ता, लाला राइन, सुरेंद्र नागर, सत्यप्रकाश वर्मा, रामनिवास यादव, जितेंद्र कुमार, चांद कुरैशी हैं।