आरएसएस के प्रमुख मोहन भागवत बुधवार सुबह पूर्वा एक्सप्रेस से टूंडला पहुंचे। यहां से वह सीधे मथुरा में आयोजित शिविर के लिए रवाना हो गए। मीडिया कर्मियों के किसी भी सवाल का उन्होंने जवाब नहीं दिया। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के पदाधिकारियों ने उनकी आगवानी की।
बक्सर से मथुरा में आयोजित संघ शिक्षा वर्ग द्वितीय में भाग लेने जा रहे राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत बुधवार सुबह 11.30 बजे करीब पूर्वा एक्सप्रेस से टूंडला पहुंचे। यहां संघ ब्रजप्रेदश के प्रांतीय प्रचारक दिनेशजी व प्रांत कार्यालय प्रमुख कीर्तिजी ने उनकी आगवानी की। उन्होंने संघ के पदाधिकारियों का अभिवादन स्वीकार करने के बाद कुशलक्षेम पूछी और स्टेशन के बाहर आ गए। टूंडला रेलवे स्टेशन पर मौजूद मीडिया कर्मियों ने जब उनसे वार्ता करने का प्रयास किया तो उन्होंने मना कर दिया। इसके बाद वह सीधे एक्सप्रेस-वे से मथुरा के लिए रवाना हो गए। संघ के जिला कार्यवाह योगेंद्रजी, नगरकार्यवाह राजीव दुबे, सरस्वती शिशु मंदिर के प्रधानाचार्य राममोहन श्रीवास्तव, गिरीश, भाजपा जिला महामंत्री उदयप्रताप सिंह, नगर अध्यक्ष पुष्पेंद्र गुप्ता, जयजीव पाराशर, द्विजेंद्र विक्रम सिंह परमार, भाजयुमो जिलाध्यक्ष हनुमंत सिंह बघेल, रूपेश शुक्ला आदि थे।
सादगी के हुए सभी कायल
पूर्वा एक्सप्रेस से खुद अपने सामान को उतारने और संघ के पदाधिकारियों का अभिवादन मुस्कराते हुए स्वीकारने के अंदाज को देख वहां मौजूद लोग उनके कायल हो गए।
बिना जेड श्रेणी सुरक्षा के आए संघ प्रमुख
केंद्र सरकार ने संघ प्रमुख को पिछले दिनों जेड श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की है। हालांकि उन्होंने अभी तक जेड श्रेणी की सुरक्षा को मंजूर नहीं किया है। माना जा रहा था कि बुधवार को संघ प्रमुख जेड सुरक्षा श्रेणी के तहत पहुंचेंगे लेकिन वह पूर्ण सादगी के साथ टूंडला आए। यहां भी मात्र सीओ टूंडला, थाना पुलिस, जीआरपी व आरपीएफ प्रभारी के साथ संघ के पदाधिकारी उनके साथ थे।