आगरा मंडल के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त पी राजमोहन का तबादला होने के बाद उन्होंने जवानों को भावुक संदेश भेजा। उन्होंने ईमानदारी से काम करने और धन के लिए चरित्र से समझौता न करने की सलाह दी।
आगरा मंडल के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त (रेलवे सुरक्षा बल) पी राजमोहन का प्रशासनिक आधार पर तबादला होने के बाद उन्होंने अपने अधीनस्थ अधिकारियों और जवानों को भावुक संदेश भेजा। रेलवे बोर्ड ने उन्हें पूर्वोत्तर रेलवे में उप मुख्य सुरक्षा आयुक्त (निर्माण) के पद पर तैनात किया है। विदाई संदेश में उन्होंने ईश्वर पर विश्वास रखने, पूरी ईमानदारी से काम करने और चरित्र से कभी समझौता न करने की सीख दी। साथ ही आगरा में बिताए समय को अपने जीवन की खास याद बताते हुए सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विज्ञापन
अपने संदेश में पी राजमोहन ने लिखा कि दुखी होने की कोई बात नहीं, जो भी होता है अच्छे के लिए होता है। उन्होंने जवानों से कहा कि ईश्वर पर भरोसा रखें, अपने काम को पूरी लगन और ईमानदारी से करें। पैसों के लिए अपनों को कभी न खोएं और चरित्र खोकर धन कमाने की कोशिश न करें। उन्होंने कहा कि आगरा में सभी के साथ काम करने का अवसर उनके लिए खुशी की बात रही और यहां की यादें हमेशा उनके दिल में रहेंगी।
गौरतलब है कि रविवार को कैंट स्टेशन पर ड्यूटी के दौरान डीएसएस नरेंद्र सिंह चाहर के साथ रेलवे सुरक्षा बल के कुछ जवानों ने मारपीट कर उन्हें घसीटकर थाने ले गए थे | घटना के बाद रेलवे कर्मचारियों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति बनाई गई, जिसमें पी राजमोहन भी शामिल थे। इसी बीच रेलवे बोर्ड ने उनका तबादला पूर्वोत्तर रेलवे कर दिया।