लुटेरा गिरफ्तार, एक किलो चरस बरामद
शिकोहाबाद। लूट की वारदात को अंजाम देने के इरादे से आए शातिर लुटेरे को पुलिस ने पकड़ा है। जिसके पास से चोरी की बाइक एवं एक किलो करीब चरस बरामद हुई है। पकड़े गए लुटेरे के खिलाफ फिरोजाबाद, मैनपुरी, फर्रूखाबाद, इटावा, एटा एवं कन्नौज में लगभग दो दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।
रविवार रात पुलिस गश्त कर रही थी। तभी मुखबिर ने इंस्पेक्टर अनिल कुमार सिंह को सूचना दी, कि एक शातिर बदमाश तहसील तिराहे के पास स्थित खंडहर में छिपा हुआ है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए शातिर बदमाश के पास से पुलिस ने तलाशी के दौरान 1 किलो 100 ग्राम चरस, चोरी की स्प्लेन्डर प्लस बाइक एवं आभूषण बरामद किए। पकड़े गए शातिर बदमाश ने पुलिस को बताया कि उसने एक माह पूर्व मैनपुरी में एक महिला के गले में पहनी हुई चेन तथा गुडगांव से बाइक को चोरी किया था। पकड़े गए बदमाश ने पुलिस को अपना नाम शिवा उर्फ कचरा निवासी गिहार कॉलोनी थाना भोगांव जनपद मैनपुरी बताया है। इंस्पेक्टर अनिल कुमार सिंह ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी शातिर लुटेरा है। जिसके चलते विभिन्न जनपदों में लगभग दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। जिसे जेल भेजा गया है।