फिरोजाबाद। माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से सड़क दुर्घटनाओं को रोकने की पहल की गई है। इसके लिए विद्यालयों में सड़क सुरक्षा क्लब गठित कर विद्यार्थियों और अभिभावकों को जागरूक किया जाएगा। क्लब के अध्यक्ष विद्यालय प्रधानाध्यापक होंगे। क्लब में 16 सदस्य होंगे।
छात्र-छात्राओं के साथ ही अभिभावकों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाएगा। सभी इंटर कॉलेजों में रोड सेफ्टी क्लब गठित किया जाएगा। एक शिक्षक को नामित सचिव की जिम्मेदारी दी जाएगी, जबकि सदस्य के रूप में एक शिक्षक, विद्यालय विकास प्रबंध समिति का एक सदस्य, दो अभिभावक और कक्षा छह से 12वीं तक के प्रत्येक कक्षा से एक-एक विद्यार्थी शामिल होंगे। सड़क सुरक्षा क्लब सरकारी व गैर सरकारी सभी में विद्यालयों में अनिवार्य किया गया है।
बनाई जाएगी सड़क सुरक्षा गैलरी
स्कलों में सड़क सुरक्षा गैलरी बनाई जाएगी और सुरक्षा संबंधी पोस्टर, पेंटिंग, स्लोगन, नियमावलियों और दुर्घटना संबंधी समाचारों को शनिवार को सुनाया जाएगा। निबंध, भाषण, कविता, पोस्टर और पेंटिंग प्रतियोगिताएं भी कराई जाएंगी। सुरक्षित वाहन चलाने में जागरूकता के लिए ट्रैफिक पार्क एवं मोटर ड्राइविंग ट्रैक आदि का भी छात्र-छात्राओं को भ्रमण कराया जाएगा। प्रार्थना सभा में सुबह छात्र- छात्राओं को सशक्त सुरक्षा से संबंधित प्रशिक्षण दिया जाएगा।
विद्यालयों के लिए अनुपालन अनिवार्य
माध्यमिक शिक्षा निदेशक की ओर से कॉलेजों में सड़क सुरक्षा क्लब गठित करने के निर्देश जारी किए गए हैं। इसका सभी विद्यालयों को अनुपालन करना अनिवार्य है। बढ़ते सड़क हादसों के प्रति इससे जागरूकता आएगी। प्रधानाचार्यों को क्लब गठित कर रिपोर्ट देने के साथ प्रस्तावित कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया गया है। - निशा अस्थाना, डीआईओएस