शिकोहाबाद। सपा के शासन काल में बनी रोड पर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के नाम की पट्टिका लगा दी। वह भी तब जबकि रोड के हालात ठीक नहीं है। इसमें जगह-जगह गड्ढे हैं। अचानक लगी यह पट्टिका क्षेत्र के लोगों में चर्चा का विषय बनी हुई है।
करीब पांच साल पहले पालीवाल चौराहे से जसलई को जाने वाले मार्ग का निर्माण सपा सरकार में पालिका की ओर से करवाया गया था। सोमवार सुबह लोक निर्माण विभाग के चार कर्मचारी एक ट्रैक्टर में गिट्टी, बालू, सीमेंट और ईंटें आदि लेकर चौराहे पर पहुंचे और फाउंडेशन बना कर सड़क पर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, कैबिनेट मंत्री एसपी सिंह बघेल और विधायक डॉ. मुकेश वर्मा के नाम की पट्टिका लगा दी।
इसमें इस सड़क के शिलान्यास की तिथि एक मार्च 2019 दर्शाई गई है। सबसे खास बात यह है कि 2002 में इस सड़क का निर्माण तत्कालीन शिकोहाबाद और फिलहाल सिरसागंज विधायक हरिओम यादव ने करवाया था। उसके बाद 2013 में इसे पालिका ने बनवाया है। लेकिन अब बिना निर्माण के ही पीडब्ल्यूडी की पट्टिका लगने से लोग आश्चर्यचकित हैं।
बोले विधायक, दो पला गिट्टी भी नहीं डाली
जब इस विषय में विधायक सिरसागंज हरिओम यादव से बात की गई तो उन्होंने बताया कि सड़क उन्होंने वर्ष 2002 में बनवाई थी, उसके बाद वर्ष 2013 में रामप्रकाश नेहरू ने नगर पालिका से सीसी रोड का निर्माण कराया था। उसके बाद से इस पर दो पला गिट्टी भी नहीं पड़ी है। लेकिन सरकार ने इस पर उपमुख्यमंत्री के नाम की पट्टिका लगवाई है। इसकी जितनी भी निंदा की जाये कम है।
जांच करवाकर हटवाई जाएगी पट्टिका
विभाग के पास एक मार्च 2019 की पुरानी पट्टिकायें रखीं हुई थीं। जिन्हें लगवाया गया है। इसकी जांच कराई जायेगी। अगर सड़क विभाग द्वारा नहीं बनाई गई है तो पट्टिका को कल ही हटवा दिया जायेगा।
अजय कुमार, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग