नारखी ब्लॉक क्षेत्र में सिरसा नदी की सफाई में जुटे मनरेगा श्रमिक
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। पूर्व नियोजित कार्यक्रम के तहत सोमवार को मौसम आधारित सिरसा नदी में सील्ट सफाई कार्य हेतु महा अभियान की शुरूआत हुई। मनरेगा से जुडे एपीओ एवं लघु सिंचाई विभाग के जेई व एई विभिन्न ब्लाकों में सील्ट सफाई व मेढबंदी हेतु मौके पर डटे रहे। महाअभियान की शुरूआत हेतु सीडीओ नेहा जैन भी टूंडला पहुंची।
जिला प्रशासन ने मनरेगा योजना के माध्यम से जिले में बहने वाली मौसम आधारित चार नदियों सिरसा, सैंगर, आवा एवं अरिंद नदी के जीर्णोद्धार के लिए सील्ट सफाई एवं मेडबंदी कराने की योजना तैयार की है। वर्षाकाल से पूर्व नदियों की सफाई हेत सोमवार का महाअभियान की शुरूआत की गई। इस दौरान 5145 मनरेगा श्रमिकों ने टूंडला, नारखी, हाथवंत एवं शिकोहाबाद ब्लाक के अतिरिक्त मदनपुर ब्लाक सहित 39 ग्राम पंचायतों एवं उनसे जुडे मजरों में बहने वाली सिरसा नदी के के लिए सील्ट सफाई कार्य शुरू किया।
टूंडला ब्लाक की रजावली ग्राम पंचायत से शुरू हुए नदी की सील्ट सफाई हेतु महाअभियान की शुरूआत करने सीडीओ नेहा जैन भी मौके पर पहुंची। सीडीओ नेहा जैन के अनुसार करीब 166 किलोमीटर क्षेत्र में सिंचाई हेतु पानी उपलब्ध कराने वाली इस नदी को इसी माह तक अतिक्रमण मुक्त कराने व सील्ट सफाई का लक्ष्य निर्धारित है। इसके उपरांत आवा एवं अरिंद नदी की सील्ट सफाई व अतिक्रमण मुक्ति हेतु अभियान चलाया जाएगा।