गलियां न बनने से श्रीराम कॉलोनी के लोगों में आक्रोश
13 मार्च को करेंगे नगर आयुक्त का घेराव, अवर अभियंता ने कराई थी नापतौल
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के उत्तर मंडल अध्यक्ष शिव कुमार राठौर ने कहा कि श्रीराम कॉलोनी के जिन गलियों के निर्माण कराने के लिए तत्कालीन अवर अभियंता अमित कुमार ने नापतौल की थी उनमें से किसी का निर्माण आज तक नहीं कराया गया है। उन्होंने निर्माण कार्य नहीं कराने पर 13 मार्च को नगर आयुक्त का घेराव करने की चेतावनी दी है।
श्रीराम कॉलोनी में जिन गलियों का निर्माण होना था उनमें अभी तक काम प्रारंभ नहीं कराया गया। घरों का गंदा पानी गलियों के साथ खाली प्लाटों में भरने लगा है। इसके कारण क्षेत्र के नागरिकों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र की समस्याओं का निदान कराए जाने के संबंध में 12 जनवरी को नगर आयुक्त को पत्र सौंपा था लेकिन दो माह बीतने के करीब आ गए लेकिन इन समस्याओं के निदान की ओर कोई ध्यान नहीं दिया गया है।
प्लाटों में गंदा पानी और मच्छरों का प्रकोप के कारण घर-घर लोग बीमार पड़ने लगे है। परेशानी को ध्यान में रखते हुए क्षेत्र की जनता ने 13 मार्च को नगर आयुक्त का घेराव किए जाने का निर्णय लिया है। इसके बाद भी गलियों का निर्माण नहीं होगा तो क्षेत्र की जनता को साथ लेकर धरना प्रदर्शन किया जाएगा। मांग करने वालों में रानी देवी, लाला भाई, चंचल तिवारी, मीनू ठाकुर, लखपति सिंह कुशवाह, महेंद्र सिंह, टीटी राजपूत, बबलू शर्मा मौजूद रहे।