टूंडला। राशन के चावल की कालाबाजारी पर शुक्रवार को जिला पूर्ति अधिकारी ने छापामार कर थाना पचोखरा क्षेत्र स्थित एक गोदाम से 88 कट्टे चावल पकड़े थे। मामले में पूर्ति निरीक्षक ने दो लोगों के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई। जिला पूर्ति अधिकारी स्वीटी सिंह ने शुक्रवार को राशन के चावल की कालाबाजारी की सूचना पर थाना पचोखरा के गांव मोती गढ़ी गांव के समीप स्थित एक गोदाम पर छापा मारा था। गोदाम में उन्हें 88 कट्टे सरकारी चावल मिला था, जिसे उन्होंने सील करा दिया था। इसके साथ ही उन्होंने पूर्ति अधिकारी ऋषिपाल सिंह को जांच कर रिपोर्ट दर्ज कराने के निर्देश दिए थे। पूर्ति निरीक्षक ऋषिपाल सिंह ने पकड़े गए चावल की जांच करते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर चावल की कालाबाजारी करने वाले दिनेश कुमार निवासी मस्जिद रोड टूंडला व रामू जादौन निवासी मोहम्मदपुर डोरसा थाना नारखी के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत थाना पचोखरा में रिपोर्ट दर्ज कराई है।