टूंडला। त्रयोदशी संस्कार में भाग लेने आए महिला के रिश्तेदारों को ससुरालियों ने बंधक बना लिया तथा उनके साथ मारपीट की। मामले में महिला ने ससुरालियाें के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने घटना की जांच में जुटी है।
थाना क्षेत्र के गांव जरौलीकलां निवासी हेमलता के पति विपिन कुमार की बीमारी के चलते 26 जून को मृत्यु हो गई थी। शनिवार को उनका गांव में ही त्रयोदशी संस्कार था। कार्यक्रम में शामिल होने उनके बहनोई अनूप व अरविंद गांव आए थे। ससुर रामभरोसे, देवर राहुल व आकाश ने उन्हें कमरे में बंद कर लिया और उनके साथ मारपीट की। मौके पर पहुंची पुलिस सभी को थाने ले आई।
पीड़िता ने ससुर व देवरों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है। मामले में पुलिस ने राहुल व आकाश के विरुद्ध शांति भंग की धाराओं में कार्रवाई की है। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार का कहना है कि महिला का ससुरालियों से जमीन के हिस्से को लेकर विवाद चल रहा है। इसी बात को लेकर मारपीट हुई थी। बंधक बनाने के आरोप गलत हैं। महिला रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद मायके चली गई है।