सार्वजनिक स्वास्थ्य संस्थानों में साफ-सफाई और संक्रमण रोकने के लिए किए गए प्रयासों को बढ़ावा देने के लिए एक विशेष योजना की शुरुआत केंद्र सरकार ने की है। नई योजना ‘कायाकल्प’ से पूरे प्रदेश में जिला अस्पताल एवं महिला अस्पताल में स्वच्छता से लेकर मरीजों की सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी। वहीं प्रदेश में नंबर एक और दो पर आने वाले अस्पताल को केंद्र सरकार की ओर से पुरस्कृत किया जाएगा।
‘कायाकल्प’ योजना प्रत्येक सार्वजनिक स्वास्थ्य संस्था को उत्कृष्टता के मानकों की दिशा में काम करने के लिए उत्साहित करेगा। इस योजना के तहत प्रत्येक राज्य के दो बेहतरीन जिला अस्पतालों और प्रत्येक जिले के दो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों अथवा उप जिला अस्पतालों और एक प्राथमिक चिकित्सा केंद्र को अवॉर्ड देने की घोषणा की गई है। पहले डीएम की अध्यक्षता में जिला स्तरीय गठित टीम शासन द्वारा जारी बिंदुओं पर अस्पताल की ग्रेडिंग करेंगे। यदि ग्रेडिंग में अंक 70 से ऊपर जाते हैं, तो शासन को रिपोर्ट भेजी जाएगी। इसके बाद राज्य स्तरीय ‘क्वालिटी मेंटीनेंस कमेटी’ अस्पताल में निरीक्षण करेगी। यह कमेटी निर्धारित बिंदुओं पर अलग ग्रेडिंग करेगी। प्रदेश में पहले स्थान पर आने वाले जिला अस्पताल अथवा महिला अस्पताल को पचास लाख रुपये की धनराशि प्रदान की जाएगी। वहीं, दूसरे स्थान पर रहने वाले अस्पताल को 20 लाख रुपये रोगी कल्याण समिति के खाते में भेजे जाएंगे, जो मरीजों की सुविधा के लिए उपयोग में लाएंगे। प्रदेश में यह प्रतिस्पर्धा 150 अस्पतालों के बीच होगी।
------
इन बिंदुओं पर रहेगी शासन की नजर
- अस्पताल की स्वच्छता
- कूड़ा-कचड़ा स्टोर एवं उसके नष्ट करने की सुविध
- इंफेक्शन कंट्रोल
- मरीजों को मिलने वाली सुविधाएं
लखनऊ में डीपीओ को दिए निर्देश
‘विगत दिनों प्रदेश के सभी जिला कार्यक्रम प्रबंधक की बैठक का आयोजन लखनऊ में हुआ था। वहां कायाकल्प योजना पर चर्चा हुई। ट्रेनिंग भी कराई गई है। छह बिंदुओं पर कमेटियां नजर रखेंगी। केंद्र सरकार की ओर से पुरस्कार दिया जाएगा।’
सरजू खान, जिला कार्यक्रम प्रबंधक
एनआरएचएम