शादी के पांच दिन बाद हुए रीमा हत्याकांड को अंजाम उसके प्रेमी ने दिया था। हत्याकांड का खुलासा करते हुए पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है।
थाना बसई मोहम्मदपुर के गांव 90 बीघा निवासी चरन सिंह निषाद की बेटी रीमा की शादी 23 अप्रैल को आगरा खंदौली क्षेत्र के गांव पोइया निवासी संतोष के साथ हुई थी। 27 अप्रैल की शाम संतोष अपने बहनोई सोनवीर के साथ रीमा को मायके लाया था। इसी रात उसकी गला रेतकर हत्या कर दी गई। उसका शव 28 अप्रैल की सुबह घर के पीछे से बरामद किया गया। पिता कालीचरन ने पति संतोष और उसके बहनोई सोनवीर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करा दिया। पुलिस ने पति और उसके बहनोई को हिरासत में लेकर पूछताछ की और उनको थाने से छोड़ दिया। सीओ सदर जगदीश सिंह का कहना है कि जांच के दौरान सामने आया कि रीमा के शादी से पहले पड़ोस के गांव में रहने वाले युवक थान सिंह से प्रेम संबंध थे। थान सिंह रीमा से शादी करना चाहता था, लेकिन परिवारीजन इसके लिए राजी नहीं थे। इसलिए उसने रीमा की हत्या की योजना तैयार कर डाली। पति के साथ मायके आने पर 27 अप्रैल की रात को थान सिंह रीमा के घर के पीछे पहुंचा था। रीमा भी उससे मिलने के लिए घर से निकल आई। तभी आरोपी ने उसकी हत्या कर दी। सीओ ने बताया कि हत्यारोपी की तलाश की जा रही है।