रामलीला में हंगामा पहुंची पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
टूंडला। मंगलवार देररात्रि नगर रामलीला में चल रहे राम-रावण युद्ध के दौरान एक शराबी युवक की करतूत पर बवाल हो गया। रामलीला में मारपीट हो गई। पुलिस रामलीला के आयोजक व पात्रों को थाने ले जाने लगी तो लोगों में आक्रोश फैल गया। रामलीला बंद कर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी होने लगी। बाद में थाना प्रभारी ने मामला शांत कराया। इसके बाद रावण पुतला दहन कराया। घटना में पांच लोग घायल हो गए।
मंगलवार रात्रि करीब साढ़े 12.30 बजे की है। नगर रामलीला में रावण दहन का मंचन किया जा रहा था। इसी दौरान बैरीकेटिंग को तोड़कर नशे में धुत युवक साथियों सहित रामलीला मैदान में घुस आया। शराबी ने राम-रावण युद्ध के दौरान राम के स्वरूप के पैर पकड़ लिया।
इससे राम गिर गये। राम-लक्ष्मण के स्वरूपों से विवाद हो गया। शराबी व उसके साथियों ने रामलीला के कलाकारों से अभद्रता कर दी। आयोजकों व शराबी युवकों के बीच मारपीट हो गई। आयोजक शशांक प्रताप आंसू के ऊपर भी हमला किया गया। इससे बीच-बचाव करने पहुंचे शशांक प्रताप आंसू, हनुमान, सुग्रीव, विभीषण के स्वरूपों के साथ ही शराबी युवक अभिषेक जैन निवासी शिवपुरी के चोटें आयीं हैं। पुलिस ने आयोजक शशांक प्रताप व अध्यक्ष हनी जादौन को पकड़ लिया। इससे रामलीला कमेटी व दर्शकों में रोष फैल गया। रामलीला बंद करा दी गयी। इसके साथ पुलिस के विरुद्ध नारेबाजी शुरू हो गयी।
मामला बढ़ता देख थाना प्रभारी मौके पर पहुंच गये। उन्होंने लोगों को समझाते हुए आयोजकों को छोड़ते हुए मामला शांत कराया तथा रावण दहन कराया। थाना प्रभारी टूंडला ने बताया कि रामलीला के दौरान एक शराबी युवक की हरकत से मारपीट हो गयी थी। मामले में अभी तक किसी भी पक्ष द्वारा कोई तहरीर नहीं दी गई है। यदि तहरीर मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी।