मंगलवार रात सिरसागंज हाईवे पर बदमाशों द्वारा छोड़ी गई नीली बत्ती लगी कार के तार राजस्थान से जुड़े हुए हैं। कार मालिक तक पहुंचने के लिए पुलिस ने बुधवार को परिवहन विभाग के अधिकारियों से भी संपर्क साधा, लेकिन कोई सफलता हाथ नहीं लगी। वहीं ग्रामीणों ने कार को क्षतिग्रस्त कर दिया।
गौरतलब है कि मंगलवार रात करीब दस बजे कोतवाल सिरसागंज पुलिस फोर्स के साथ गांव सराय शेख के समीप खड़े थे। इटावा की ओर से आ रही नीली बत्ती लगी कार में सवार कुछ लोगों पर पुलिस को शक हुआ तो उन्होंने घेराबंदी शुरू कर दी। कार सवार लोग जहाजपुर गांव के समीप हाईवे पर कार छोड़कर खेतों में भाग गए। ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने कार में तोड़फोड़ कर दी। पुलिस ने कार के बारे में जानकारी जुटाने को परिवहन विभाग के अधिकारियों से भी संपर्क साधा। कोतवाल सिरसागंज का कहना है कि चार दिन पूर्व सराय शेख गांव के समीप बदमाशों ने जिस कार में सवार होकर पशु व्यापारियों से लूटपाट की थी, वह इसी कार में सवार थे। अभी तक चली जांच के दौरान कार राजस्थान के एक व्यक्ति के नाम है। इसके लिए पुलिस की एक टीम राजस्थान रवाना की जाएगी। इसके बाद ही बदमाशों को गिरफ्तार किया जाएगा।