कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं राज्यसभा सांसद राजबब्बर के नेतृत्व में कांग्रेसियों में जोश नजर आया। फीरोजाबाद से सांसद रहे राजबब्बर का जगह-जगह जोशीला स्वागत किया गया। महानगर अध्यक्ष गुलाम जिलानी और जिलाध्यक्ष हरीशंकर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने स्वागत समारोह किए। हाईवे पर भी कई जगह स्वागत किया गया।
सांसद राजबब्बर मंगलवार को जाटवपुरी चौराहा स्थित वीआईपी मैरिज होम पहुंचे। यहां कांग्रेस कार्यकताओं के स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा देश में सिर उठा रही सांप्रदायिक शक्तियों को कुचलने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि फीरोजाबाद जैसा प्यार और दुलार हमें कहीं नहीं मिलता। भले ही हम उत्तराखंड से राज्यसभा में पहुंचे हों लेकिन फीरोजाबाद जिला हमसे अलग नहीं हो सकता। इससे पूर्व जाटवपुरी चौराहे पर उनका काफिला पहुंचते ही कांग्रेसियों ने नारेबाजी शुरू कर दी। किसी ने फूलमाला पहनाई तो किसी ने बुके भेंट किया। मंच पर धक्का-मुक्की के बीच पहुंचे सांसद राजबब्बर के करीब पहुंचने की कांग्रेसियों में होड़ रही। शहर अध्यक्ष गुलाम जिलानी ने तलवार भेंट कर पगड़ी पहनाई और शाल भेंट की। प्रकाश निधि गर्ग, साजिद बेग ने गदा भेंट किया। वहीं यूथ कांग्रेस के सौरभ पोरवाल, अमित गुप्ता, चांद कुरैशी, वकार अहमद, नुरुलहुदा लाला राइन ने उनका भव्य और जोशीला स्वागत किया। व्यापार मंडल के महामंत्री अमित गुप्ता ने पगड़ी और शॉल पहनाकर उन्हें व्यापारियों की समस्याओं से अवगत कराया। कांग्रेस से एआईसीसी सदस्य अतुल चतुर्वेदी, जिलाध्यक्ष हरीशंकर तिवारी, हाजी नसीर अहमद, कल्पना सिंह चौहान, कुसुम सिंह,हाजी सईद पटेल व उमाकांत पचौरी, संजय चतुर्वेदी, जहीर खाकसार ने बुके भेंट किया। स्वागत करने वालों में संदीप तिवारी, हाकिम सिंह पौनियां, रमेश चंद्र गुप्ता, उजमा देवी गुप्ता, एसएम सुबूर अली, शफात खान राजू, आमिर अली, सत्यम सिंह, वकार अहमद, अजय शर्मा, राधेश्याम बघेल आदि मौजूद रहे। उधर, दूसरी ओर, शिकोहाबाद विधानसभा क्षेत्र के प्रवेश पर मोढ़ा पर रामनिवास यादव के नेतृत्व में साफा बांधकर और फूलमालाएं पहनाकर उनका स्वागत किया। इस दौरान थान सिंह यादव, जितेंद्र तिवारी, जयपाल यादव, राम प्रबेश यादव, धर्मेंद्र यादव, अनिल यादव, रवींद्र कुमार प्रधान, रामपाल सिंह, शैलेंद्र शुक्ला, दिनेश उपाध्याय आदि मौजूद रहे। इस दौरान उमर फारुक ने कश्मीरी गेट चौराहे पर उनका भव्य स्वागत किया।
मंच पर रही आपाधापी
वीआईपी मैरिज होम में स्वागत समारोह के दौरान मंच पर आपाधापी रही। कांग्रेस के जिले के कई वरिष्ठ नेता भीड़ के बीच खड़े थे वहीं छोटे कार्यकर्ता मंच पर मौजूद थे। धक्कामुक्की के बीच कई तो नीचे गिर पड़े।
स्वागत समारोह में जेबकट सक्रिय
फीरोजाबाद (ब्यूरो)। जाटवपुरी चौराहा स्थित वीआईपी मैरिज होम में स्वागत समारोह के दौरान कई कांग्रेसियों की जेब साफ हो गई। प्रदेश सचिव प्रकाश निधि गर्ग, लोकसभा क्षेत्र इकाई अध्यक्ष सौरभ पोरवाल, संजय चतुर्वेदी के साथ कइयों की जेब साफ हो गई। किसी के तीन हजार रुपये तो किसी के पांच हजार रुपये गायब थे। कइयों के पर्स और मोबाइल तक पार कर दिए गए।