शिकोहाबाद स्टेशन रोड पर नाला बंद होने से नसियाजी मार्केट स्थित दुकानों में भरा पानी।
- फोटो : FIROZABAD
शिकोहाबाद(फिरोजाबाद)। तेज धूप और गर्मी से परेशान लोगों को बुधवार को सुबह तेज बारिश ने गर्मी से राहत दी, लेकिन इसके साथ ही नगर की जलनिकासी न होने से पूरा शहर पानी-पानी हो गया। नगर के निचले इलाके और स्टेशन रोड पर जल निकासी न होने से घरों और प्रतिष्ठानों में बारिश का पानी भर गया, जिससे लाखों रुपये का नुकसान हो गया। जलभराव से हुए नुकसान के चलते लोगों में पालिका के खिलाफ आक्रोश व्याप्त है। बुधवार को तेजधूप और गर्मी से नगरवासियों को राहत मिल गई। सुबह आसमान में अचानक छाई काली घटाएं घुमड़-घुमड़ कर बरसीं। जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। वहीं तेज बारिश के कारण नगर के निचले इलाकों में पानी भर गया। गलियों ने नालों का रूप ले लिया।
वहीं स्टेशन रोड के मुख्य नाले पानी से ओवर फ्लो होकर बहने लगे। स्टेशन रोड पर पालिका द्वारा एक नाला बनवाया जा रहा है। जिसकी वजह से बीच में निर्माणाधीन नाले को रोक दिया गया। जिसके कारण बारिश का पानी मोहल्लों, गलियों और प्रतिष्ठानों में भर गया। जिससे दुकानों में रखा लाखों रुपये का सामान भीग कर खराब हो गया। स्टेशन रोड स्थित नसिया जी मार्केट में कई दुकानों में गंदा पानी भर गया। जिससे लाल सिंह की खाद-बीज की दुकान में पानी भरने से उनकी दुकान में रखी लगभग डेढ़ लाख रुपये की खादी और बीज भीगने से खराब हो गया। इसके साथ ही ऑटो पार्ट्स व अन्य दुकानों का भी यही हाल था। दुकानों में जलभराव से दुकानदारों में रोष व्याप्त है।