टूंडला। दिल्ली रेलखंड पर टूंडला-मितावली स्टेशनों के बीच सिंग्नल एंड टेलीकॉम डिपार्टमेंट का कार्य कर रहा रेलकर्मी ट्रेन की चपेट में आ गया। रेलकर्मी की मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर पहुंची राजकीय रेलवे पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। शहर के मोहल्ला तेल मिलरोड निवासी 27 वर्षीय अनिल कुमार रेलवे के एसएनटी विभाग में ईसीएम द्वितीय पद पर तैनात था। वह शुक्रवार शाम चार बजे करीब टूंडला-मितावली स्टेशनों के मध्य रेल लाइन में विभागीय कार्य कर रहा था। इसी बीच टूंडला से जा रही पलवल पैसेंजर की चपेट में आ गया। रेलकर्मी की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी मिलते ही एनसीआरएमयू के शाखा मंत्री जयकिशन अजवानी व अन्य मौके पर पहुंच गए।
वहीं राजकीय रेलवे पुलिस ने मृतक रेलकर्मी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक रेलकर्मी ने अपने पीछे पत्नी व दो बच्चों को बिखलते छोड़ा है। जीआरपी थानाध्यक्ष सुबोध परमार ने बताया कि घटना के दौरान रेलकर्मी सिर पर साफी बांधे था, जिससे उसके कान भी ढके थे। वह ट्रेन की आहट नहीं सुन पाया और ट्रेन की चपेट में आ गया।