टूंडला राजकीय पुलिस किसानों से वार्ता करते
- फोटो : TUNDLA
टूंडला (फिरोजाबाद)। किसान संगठनों द्वारा किसानों के समर्थन में बृहस्पतिवार को रेल रोको आंदोलन को चेतावनी दी है। इसे लेकर रेलवे पुलिस अलर्ट हो गई है। रेलवे पुलिस ने किसान नेताओं से वार्ता कर आंदोलन स्थगित करने की अपील की।
किसान संगठनों द्वारा किसानों के समर्थन में बृहस्पतिवार को रेल रोको आंदोलन को लेकर खुफिया विभाग सक्रिय है तो रेलवे पुलिस भी पूरी तरह से अलर्ट है। रेलवे स्टेशन से लेकर आसपास के रेलवे ट्रैक पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। हर आने-जाने पर नजर रखी जा रही है। साथ ही किसान यूनियनों के नेताओं से भी लगातार वार्ता की जा रही है।
बुधवार को राजकीय रेलवे पुलिस के थाना प्रभारी योगेंद्र यादव ने बरहन रेलवे स्टेशन पहुंचकर वहां के किसान यूनियनों के नेताओं से बात की और उन्हें रेल रोको आंदोलन में शामिल न होने की बात कही। इस पर यूनियन नेताओं ने आश्वासन दिया कि वह रेल नहीं रोकेंगे। बुधवार को थाना प्रभारी जीआरपी योगेंद्र यादव के नेतृत्व में प्लेटफार्म नंबर एक, दो, तीन, चार और पांच पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। साथ ही यात्रियों से पूछताछ कर उनके सामानों की भी चेकिंग की गई।