फिरोजाबाद। शासन के निर्देश पर शनिवार को जिले की पांचों तहसीलों ममें खाद की दुकानों पर छापेमारी अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान आठ दुकानों से खाद के नमूने लेकर जांच को भेजने का निर्णय लिया। कृषि विभाग की टीमों की हुई छापेमारी से खाद विक्रेताओं में हड़कंप मचा गया। खाद अधोमानक पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ अभियोग दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी।
शासन के निर्देश के बाद जिलाधिकारी डा. उज्जवल कुमार के निर्देशपर जिले की पांचों तहसीलों में एसडीएम एवं कृषि विभाग के अधिकारियों ने छापामार कार्रवाई की। उप निदेशक कृषि हरिनाथ सिंह ने सिरसागंज तहसील क्षेत्र में तथा जिला कृषि अधिकारी रविकांत सिंह ने जसराना व शिकोहाबाद तहसील में खाद की दुकानों पर छापेमारी की। भूमि संरक्षण अधिकारी प्रथम प्रमोद कुमार टीम के साथ तहसील टूंडला क्षेत्र की खाद की दुकानों पर चेकिंग की। वहीं अपर जिला कृषि अधिकारी विष्णु शंकर ने तहसील फिरोजाबाद में सघन चेकिंग एवं छापामार कार्रवाई की। जिले भर में एक साथ कार्रवाई प्रारंभ होने के कारण दुकानदारों में हड़कंप की स्थिति बनी रही।
छापेमारी के दौरान प्रबल खाद भंडार, वैष्णो ट्रेडर्स उखरेंड ताज वारदाना एवं चिंतामणि ट्रेडर्स सिरसागंज, अंशू खाद भंडार बनवारा,अंशुल खाद भंडार झपारा, संतोष एवं न्यू पूजा खाद भंडार पाढ़म, मोहनी खाद भंडार आबू अतुर्रा, पंजाब बीज भंडार उपाध्याय ट्रेडर्स मटसेना सपना खाद भंडार चकरपुर, बजरंग खाद भंडार खंजापुर, रिंकी खाद भंडार, आशीष खाद एवं बीज भंडार गढ़ी तिवारी कृष्ण खाद एवं बीज भंडार, सुशील खाद भंडार नगला बीच आदि को देखा गया। इस दौरान आठ नमूने लेकर उनको जांच के लिए भेजा गया। जिला कृषि अधिकारी रविकांत सिंह ने कहा कि किसानों को आधार कार्ड एवं पीओएस मशीन के माध्यम से ही खाद की बिक्री करें। खाद की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी।