रेलवे द्वारा लाइनपार क्षेत्र के गांव बड़ा कुंआ व नगला सोना के बीच माल कॉरीडोर लाइन के नीचे सड़क काटकर उसकी जगह छोटी पुलिया बनाए जाने से क्षेत्रीय ग्रामीण भड़क गये। आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिया का विरोध करते हुए हंगामा काटा। इसके साथ ही रसूलाबाद मार्ग पर जाम लगा दिया तथा रेलवे द्वारा लगाए बोर्ड उखाड़कर फेंक दिए।
बताते चलें कि रेलवे द्वारा माल गाड़ियों को बिना किसी बाधा के चलाने के लिए अलग से माल कॉरीडोर तैयार किया जा रहा है। इसके लिए रेलवे युद्ध स्तर पर कार्य करते हुए रेल लाइन बिछाई जा रही है। माल कॉरीडोर से गुजरने वाले प्रत्येक मार्ग पर जगह-जगह पुल बनाए जा रहे हैं। लाइन पार क्षेत्र के गांव नगला सोना को जाने वाले डाबर रोड को शुक्रवार सुबह रेलवे माल कॉरीडोर पर काम कर रहे कर्मचारियों ने खोद दिया था। ग्रामीणों के आवागमन को रेलवे द्वारा छोटी पुलिया बनाने की योजना थी।
पुलिया का काम शुरू होते ही क्षेत्रीय ग्रामीण भड़क गए। मौके पर दर्जनों ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और पुलिया निर्माण की जानकारी ली। ठेकेदार द्वारा बताया गया कि रेलवे द्वारा 15 फीट चौड़ी व 20 फीट ऊंची पुलिया का निर्माण कराया जा रहा है। ग्रामीणों ने 20 फीट चौड़ी व 30 फीट ऊंचा पुल बनाने की मांग को लेकर हंगामा करना शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने हंगामा करते हुए पुलिया निर्माण में लगे मजदूरों को भगाने के साथ ही निर्माण कार्य को ध्वस्त कर दिया। रेलवे द्वारा लगाए गए बोर्ड उखाड़ कर फेंक दिए। हंगामे की सूचना पर कोई भी अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांग नहीं मानी गई तो वह पुलिया का निर्माण नहीं होने देंगे। हंगामा करने वालों में जितेंद्र सिंह, सागर सिंह, राजू, प्रेम सिंह, विनोद कुमार, कोमल सिंह, निहाल सिंह, अजय कुमार, विवेक कुमार, अनिल कुमार, अमित कुमार हैं।