क्वारंटीन स्थल का निरीक्षण करते हुए मंडलायुक्त अनिल कुमार तथा अन्य अधिकारी।
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। शासन की ओर से जिले में नामित नोडल अधिकारी एवं आगरा मंडल के कमिश्नर अनिल कुमार द्वितीय एवं आईजी जोन ए सतीश गणेश ने शनिवार को आश्रम पद्धति स्कूल में बनाए गए आइसोलेशन वार्ड, अस्थाई जेल एवं क्वारंटीन सेंटर का निरीक्षण किया। जिले के अफसरों के साथ बैठक करके कोरोना की गति थामने के लिए रणनीति तैयार की। फिरोजाबाद जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगरा मंडल के कमिश्नर अनिल कुमार द्वितीय एवं आईजी जोन ए सतीश गणेश को नोडल अफसर के रूप में तैनात किया है। दोनों अफसर शुक्रवार की शाम से जिले में आ गए थे। शनिवार को उन्होंने दीनदयाल आश्रम पद्धति स्कूल में बनाए गए आइसोलेशन वार्ड का निरीक्षण किया।
नगर मजिस्ट्रेट कुंवर पंकज सिंह, सीएमओ डॉ. एसके दीक्षित साथ थे। इसके साथ यूनिटी हॉस्पिटल में बने क्वारंटीन सेंटर, दाऊदयाल कॉलेज में बने अस्थाई जेल का निरीक्षण करने को पहुंचे। यहां एसपी सिटी, जेल अधीक्षक एमए खान, नगर आयुक्त विजय कुमार, सीओ सिटी डॉ. अरुण कुमार सिंह साथ थे। मंडलायुक्त ने एसपी सिटी कार्यालय में पुलिस, प्रशासन और डॉक्टरों के साथ बैठक की। इसके बाद शहरी क्षेत्र में डोर स्टेप डिलीवरी सिस्टम को देखने के लिए बाजार में पहुंचे। उन्होंने दुकानदारों से बातचीत की। मंडलायुक्त ने इसकी गति और बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने शाम को पुलिस लाइन सभागार में डीएम चंद्र विजय सिंह, एसएसपी सचिंद्र पटेल, एसपी सिटी प्रबल प्रताप सिंह, एसपी देहात राजेश कुमार, नगर मजिस्ट्रेट कुंवर पंकज सिंह, सभी एसडीएम के साथ बैठक की। उन्होंने कोरोना संक्रमण की चेन तोड़ने की रणनीति तैयार की। उन्होंने कहा कि भीड़ वाले इलाकों में लोग कम जाएं ताकि इसकी गति को रोका जा सके। ऐसे मामलों की सघन मॉनीटरिंग करने के निर्देश दिए।