सिरसागंज। अरांव थाना क्षेत्र के भारौल में ट्रैक्टर और बाइक की भिड़ंत में एक युवक की मौत हो गई। वहीं दुर्घटना के बाद गुस्साएं परिजन ने मैनपुरी-शिकोहाबाद मार्ग को जाम कर दिया।
भारौल में जनसेवा केंद्र की दुकान करने वाले श्याम सुंदर (30) देर शाम अपनी दुकान की ओर बाइक से जा रहा था। इसी दौरान भारौल की ओर से आ रहे एक ट्रैक्टर ने श्याम सुंदर को अपनी चपेट मे लिया। दुर्घटना में श्याम सुंदर की मौके पर ही मौत हो गई। कुंजपुर हवेली निवासी श्याम सुंदर के परिजन को जैसे ही घटना की जानकारी मिली वह ग्रामीणों के साथ मौके पहुंच गए। गुस्साए ग्रामीणों ने शिकोहाबाद-मैनपुरी मार्ग को जाम कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना सिरसागंज और शिकोहाबाद की पुलिस भी अरांव पहुंच गई। सिरसागंज सीओ प्रवीण कुमार ने ग्रामीणों को समझाते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया और हाईवे को सुचारू करा दिया। करीब आधा घंटे तक यहां यातायात बाधित रहा।
सड़क पर अनियंत्रित होकर दौड़ रहे हैं ट्रैक्टर
सिरसागंज। भारौल में सड़क किनारे के दुकानदारों ने बताया कि इस समय खेतों में आलू खोदाई का काम चल रहा है इससे दिन रात सड़कों पर ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर चल रहे हैं। वहीं पुलिस का इन ट्रैक्टर चालकों पर कोई ध्यान नही है जिसके कारण आज श्याम सुंदर की मृत्यु हो गई।