श्रीमद्भागवत सप्ताह व ज्ञानयज्ञ के शुभारंभ के मौके पर गौशाला स्थित क्षेत्रीय मंदिर प्रांगण से भव्य कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा का जगह-जगह पुष्पवर्षा करके स्वागत किया गया। भागवत कथा दोपहर दो बजे से शाम को छह बजे तक चलेगी।
क्षेत्रीय मंदिर गौशाला से बैंडबाजों की मधुर भक्ति संगीत की धुनों के साथ शुरू हुई कलश यात्रा में पीतवस्त्रों को धारण किए 51 सुहागिन महिलाएं कलशों को सिर पर लेकर चल रही थीं। कलश यात्रा में बैंडबाजों के साथ मुख्य यजमान रमेश चंद्र गर्ग एवं यशोदा रानी सिर पर पवित्र ग्रंथ भागवत पुराण को रखकर चल रही थीं। कलश यात्रा मंदिर से शुरू होकर विभिन्न मार्गों से होते हुए होटल तुलसी पैलेस प्रांगण में पहुंचकर समाप्त हुई। अग्रवाल ग्रुप की ओर से शोभायात्रा का स्वागत पुष्पवर्षा करके किया गया।
पंडित मुन्नालाल शास्त्री ने कलशों की स्थापना मंत्रोच्चारण के साथ कराई। इस मौके पर कहा कि कलियुग में धर्म का भी प्रसार-प्रचार होना आवश्यक है। भागवत कथा जीवन को सही दिशा प्रदान करती है। भागवत गीता हमें सत्य, धर्म व अहिंसा सेवा समर्पण की ओर ले जाती है। सत्य धर्म से ही प्राप्त धन हमारे परिवार को सुख शांति व मोक्ष प्रदान करता है। कलश यात्रा के दौरान राकेश गर्ग, रुपाली गर्ग, मुरारीलाल गर्ग, मनोज गर्ग, संजय कुमार, प्रदीप गर्ग, सुधीर गर्ग, अजीत कुमार अग्रवाल, अरुण कुमार, राजकुमार बर्फानी, अजय, सौरभ, गौरीशंकर, पंकज अग्रवाल आदि शामिल थे।