टूंडला। रेलवे कालेज में संविदा शिक्षकों की भर्ती के आए उम्मीदवारों ने इंटरव्यू को एक दिन आगे करने पर हंगामा कर दिया। सूचना पर पुलिस पहुंच गई।
उत्तर मध्य रेलवे के इंटर कालेज में प्राइमरी से लेकर इंटरमीडिएट तक विविध विषयों में शिक्षकों की कमी है। इस कमी को पूरा करने के लिए रेलवे प्रशासन ने संविदा पर शिक्षकों को रखने का निर्णय लिया। रेल प्रशासन द्वारा दिए विज्ञापन पर करीब 22 हजार महिला/पुरुष अभ्यर्थियों ने आवेदन डाला था। उम्मीदवारों की संख्या अधिक होने पर कालेज प्रशासन ने करीब पांच हजार लोगों की लिस्ट चस्पा की थी। इंटरव्यू के लिए सात व आठ जुलाई निर्धारित की थी। निर्धारित तिथि कई जिलों से आवेदक पहुंचे थे। बुधवार शाम छह बजे कालेज प्रशासन ने कुछ अभ्यर्थियों के इंटरव्यू लेने के बाद अगले दिन इंटरव्यू देने का नोटिस चस्पा कर दिया। इससे अभ्यर्थियों में आक्रोश पनप गया। उनका कहना था कि कालेज प्रशासन उनके रुकने और खाने की व्यवस्था करे। इसे लेकर हंगामा शुरू हो गया। उनका कहना था कि सुबह से इंटरव्यू के लिए बैठे हैं और ऐन वक्त पर उनसे अगले दिन आने को कहा है। हंगामा बढ़ते देख कालेज प्रशासन ने रेलवे पुलिस को बुला लिया। कंपनी कमांडर आरपी तिवारी ने अभ्यर्थियों को समझाया तो नोकझोंक हो गई। बाद में बमुश्किल मामला शांत हो सका। कालेज प्रधानाचार्या से संपर्क करने का प्रयास किया गया लेकिन बात नहीं हो सकी।