टूंडला। मंगलवार को पुलिस व तहसील प्रशासन ने गैंगस्टर एक्ट के आरोपी शराब माफिया एवं गैंगस्टर फर्जी बैनामा आदि के आरोपी की लाखों रुपये की संपत्तियों की कुर्क करने की कार्रवाई की। इससे पूर्व भी शराब माफिया की संपत्तियों को कुर्क किया गया था। दोनों गैंगस्टर के आरोपियों पर एक दर्जन से अधिक मुकद्दमें दर्ज हैं।
उप जिलाधिकारी डाॅ. गजेंद्रपाल सिंह व पुलिस क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार के नेतृत्व में टूंडला व पचोखरा पुलिस टीमें शराब माफिया सुखवीर सिंह सुक्खा निवासी गांव उसायनी के फिरोजाबाद रोड स्थित हाईवे रीजेंसी स्थित निर्माणाधीन मकान पर पहुंची। जहां प्रशासन ने डुगडुगी बजवाते हुए मुनादी कराई। उन्होंने क्षेत्रीय लोगों से इस संपत्ति को जब्त करने और खरीद फरोख्त न करने की जानकारी दी। इसके साथ ही जब्त किए गए मकान पर सील लगाते हुए पोस्टर चस्पा करा दिया। पुलिस क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि गैंगस्टर के हाईवे रीजेंसी स्थित दो मंजिला मकान जिसकी कीमत 59 लाख 92 हजार 872 रुपये है, अचल संपत्ति को कुर्क किया गया है।
शराब माफिया के विरुद्ध विभिन्न थानों में एक दर्जन से अधिक मुकद्दमे दर्ज हैं। इससे पूर्व भी आरोपी की एक करोड़ 89 लाख 39 हजार रुपये की चल-अचल संपत्ति को कुर्क की जा चुकी है। इसके साथ ही गांव बन्ना निवासी गैंगस्टर स्वामी शंकर उर्फ सुम्मा जो फर्जी बैनामे सहित कई अपराधों में संलिप्त है की तीन लाख रुपये कीमत की संपत्ति को भी कुर्क किया गया है। एसडीएम डॉ. गजेंद्रपाल सिंह ने बताया कि डीएम के आदेश पर कुर्की की कार्रवाई की गई है। कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार हेमंत कुमार, थाना प्रभारी अनुज कुमार, थानाध्यक्ष पचोखरा सचिन कुमार व पुलिस फोर्स मौजूद रहा।