बुधवार को माउथ ब्लोइंग इकाई में काम करते श्रमिक। स्त्रोत: फैक्ट्री संचालक।
फिरोजाबाद। शहर की कांच माउथ ब्लोइंग इकाइयों में उत्पादन प्रक्रिया बहाल हो गई है। बुधवार सुबह पहली शिफ्ट में कामगार कारखानों में पहुंच गए।
दैनिक मानदेय में बढ़ोतरी के मुद्दे पर शहर की कांच माउथ ब्लोइंग इकाइयों में बीते दो दिन से कामकाज प्रभावित था। श्रमिकों द्वारा अचानक कामबंदी के बाद प्रशासन एवं श्रम विभाग ने कारखानेदारों और श्रमिकों के बीच कायम गतिरोध को वार्ता के माध्यम से दूर करा दिया। वहीं नगर मजिस्ट्रेट, सहायक श्रमायुक्त की मौजूदगी में हुई कारखानेदारों और श्रमिकों के मध्य वार्ता के सकारात्मक परिणाम सामने आए। आपसी सहमति और एक मई से माउथ ब्लोइंग कारीगरों के दैनिक मानदेय में 19 रुपये की बढ़ोतरी के बाद बुधवार को माउथ ब्लोइंग इकाइयों में कामकाज पटरी पर लौट आया। श्रम विभाग और श्रमिक संगठन के भूरी सिंह यादव के अनुसार बुधवार को एडवांस ग्लास, सीताराम ग्लास, श्याम ग्लास, विशेष ग्लास, कॉरोगेशन ग्लास के अलावा एस.गोपाल इंडस्ट्रीज में उत्पादन प्रक्रिया बहाल हो गई। सहायक श्रमायुक्त यशवंत कुमार के मुताबिक माउथ ब्लोइंग इकाइयों में गतिरोध दूर हो गया है। सभी इकाइयों में कामकाज की स्थिति सामान्य है।