फिरोजाबाद। शहर के प्राइवेट ट्रॉमा सेंटर में शनिवार की रात तीमारदारों को सुरक्षाकर्मियों ने पीटा। एक को सिर फोड़ कर घायल कर दिया। घटना की तहरीर थाना उत्तर में दी गई है। पुलिस ने मौके से दो लोगों को हिरासत में लिया गया। वहीं पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जनपद मैनपुरी के नगला कुंजल निवासी राधा देवी बीमार अपने नाती का इलाज कराने के लिए अपने बेटे सत्येंद्र के साथ फिरोजाबाद के प्राइवेट ट्रॉमा सेंटर में आई थी। वृद्ध महिला के मुताबिक उनके नाती पर खून चढ़ रहा था। वह नाती के पास बैठी हुई थी तभी वहां पर सुरक्षाकर्मी सुमित यादव और अस्पताल का स्टाफ आ गया। उन्होंने महिला को धक्का देते हुए बाहर जाने को कहा। धक्का देने का जब महिला के बेटे ने विरोध किया तो गाली गलौज करते हुए पिटाई कर दी। इतना ही नहीं सुरक्षा कर्मियों ने बेटे सत्येंद्र को इतना पीटा कि उसका सिर फोड़ दिया और हाथों में भी चोट के निशान है। जिससे वह लहूलुहान हो गया। पीड़ित ने पुलिस को मौके पर बुला लिया। मारपीट की घटना के दौरान राहगीर और अन्य तीमारदारों की भीड़ भी मौके पर जमा हो गई। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है। थाना प्रभारी वैभव कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।