मक्खनपुर। थाना मक्खनपुर क्षेत्र के बिल्टीगढ़ चौराहे के समीप स्थित गांधी नगर में पिछले दो दिनों से ठप पड़ी बिजली सप्लाई आखिरकार रविवार को 48 घंटे के बाद बहाल हो गई। बिजली आने के बाद लगभग 50 परिवारों ने राहत की सांस ली।
शुक्रवार को क्षेत्र में फॉल्ट होने के बाद तार टूट गया था। टूटे हुए तार के टीन शेड में करंट उतर आया, जिससे एक भैंस की मौत हो गई। इस हादसे से नाराज ग्रामीणों ने विद्युत विभाग को दो दिन तक मरम्मत कार्य करने नहीं दिया।
एसडीओ लालजी सोनकर ने इस स्थिति की जानकारी उच्च अधिकारियों और थाना प्रभारी को दी थी। शनिवार को पुलिस की मौजूदगी में भी महिलाओं के विरोध के चलते तार नहीं जोड़ा जा सका। रविवार को थाना प्रभारी चमन कुमार शर्मा, चौकी प्रभारी अनूप पावड़िया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाया। काफी समझाने-बुझाने के बाद मरम्मत कार्य शुरू हो सका और विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी गई।