फिरोजाबाद। शिकोहाबाद के दिखतौली में आलू प्रसंस्करण व चिप्स इकाई की स्थापना होगी। एनआरएलएम के तहत पंजीकृत महिला समूह व जिला के करीब 500 किसान आलू चिप्स प्लांट अथवा इकाई के भागीदार होंगे। आलू प्रसंस्करण इकाई संचालन के लिए सुहागनगरी महिला प्रेरणा प्रोड्यूसर लिमिटेड नामक संस्था का गठन भी किया गया है।
उत्पादन की दृष्टि से आलू बाहुल्य जिला में जल्द ही आलू प्रसंस्करण व चिप्स इकाई की स्थापना होगी। फार्मर प्रोड्यूसर ऑगनाईजेशन यानि एफपीओ की तर्ज पर इकाई स्थापना के लिए कंपनी एक्ट में पंजीकरण एवं भूमि चिह्नित करने जैसी औपचारिकता पूरी हो चुकी हैं। इकाई स्थापना के तहत फिलहाल मशीनीकरण के साथ ही कंपनी में बनने वाले आलू चिप्स व अन्य उत्पादों की बिक्री के लिए मार्केटिंग कंपनियों से संपर्क साधा जा रहा है। करीब 50 से 60 लाख की लागत वाली उक्त कंपनी से 500 आलू किसान एवं 12 सक्रिय महिला स्वयं सहायता समूह कंपनी में भागीदार होंगे। कंपनी भागीदारों की चयन अथवा पंजीकरण प्रक्रिया भी पूरी की जा चुकी है।
उद्योग विभाग के जरिए दी जाएगी वित्तीय मदद
- वैसे तो कंपनी के भागीदारों से ही एक निश्चित धनराशि सदस्यता के तौर पर जमा कराई जा रही है लेकिन जरूरत के मुताबिक राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन विभाग द्वारा कंपनी को उद्योग विभाग के जरिए 25 लाख रुपये तक का अनुदानित ऋण भी सुलभ कराया जाएगा।
-कुल आलू उत्पादक कृषि क्षेत्र- एक लाख, 55 हजार हेक्टेयर
-जिला में प्रतिवर्ष आलू उत्पादन का लक्ष्य-14 लाख मीट्रिक टन
-कुल आलू उत्पादक किसानों की संख्या करीब-55000
-कंपनी केवल पंजीकृत व सदस्य किसानों से ही करेंगी आलू क्रय
-कंपनी के सभी सदस्य लाभांश में होंगे बराबर के भागीदार
काफी पुरानी है आलू प्रसंस्करण इकाई स्थापना की मांग
जिला में आलू किसानों की आय वृद्धि को आलू प्रसंस्करण इकाई व चिप्स इंडस्ट्रीज स्थापना की मांग लंबे समय से की जा रही है। तत्कालीन सपा सरकार में भी यह मांग उठी थी। बाद में भाजपा के जनप्रतिनिधियों व जिले में आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समक्ष भी यह मांग प्रमुखता से उठाई गई थी।
आलू किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने एवं ग्रामीण स्वयं सहायता समूहों की आमदनी बढ़ाने को एफपीओ की स्थापना की गई है। आलू चिप्स इकाई के जरिए इन दोनों लक्ष्यों को पूर्ण कराने का इरादा है।
राजेश कुमार कुरील, उपायुक्त एनआरएलएम