शहर से गांव तक बड़े पैमाने पर सरकारी भूमि पर कब्जा किया हुआ है। कहीं तालाब तो कहीं खलिहान और चारागाह को खेती में जमीन को तब्दील करके खुद फसलें उगा रहे हैं। सुहागनगर कालोनी के पार्क कब्जे से मुक्त नहीं हो सके ,लेबर कालोनी में सरकारी भूमि पर दुकानें तैयार कर ली हैं। शहरी क्षेत्र के तालाब कब्जाने के साथ ऊंची-ऊंची इमारतों को तैयार कर लिया गया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एंटी भू माफिया टास्कफोर्स गठित करके भूमाफियाओं पर शिकंजा कसने की कोशिश की है। जिले में सरकारी भूमि की बात करें तो अधिकांश पर कब्जा किया हुआ है। शहरी क्षेत्र के तालाब गायब हो गए। हुंडावाला बाग, बोधाश्रम रोड, स्टेशन रोड के साथ नई आबादी वाले क्षेत्रों में तालाब थे। शहर में शामिल हुई 13 पंचायतों में बड़े पैमाने पर ग्राम सभा की ही भूमि है। इसका प्रयोग पार्क या फिर टंकी स्थापना आदि में हो सकता है लेकिन इस पर अराजकतत्वों का कब्जा है। काफी भूमि पिछले दिनों फ्रीहोल्ड करा ली गई। आवास विकास कालोनी सुहागनगर के पार्क पर भी कब्जा किया हुआ है। सेक्टर एक दो में पार्क भैंसों का तबेला बन गए हैं।
निगम ने पिछले दिनों पार्क को कब्जामुक्त कराया तो एक दल के दो नेता झगड़ गए। सेक्टर तीन में कहीं गिट्टी बालू डाल ली, कहीं झोपड़ी डालकर कब्जा कर लिया है। ग्रामीण क्षेत्र में ग्राम सभा की भूमि, चारागाह, खलिहान की भूमि गांव के ही लोग कब्जाए हुए हैं। तालाबों की भूमि कब्जा ली गई है।
तो वहीं बसपा शासन में तत्कालीन डीएम सुरेंद्र सिंह, एसपी मंजिल सैनी के समय जिले में भूमि कब्जामुक्त कराने का अभियान चलाया था। ग्रामीण अंचल में भूमि खाली कराने के साथ मनरेगा के तहत पौधरोपण किया गया।
वहीं डीएम नेहा शर्मा ने जमीनों पर अवैध कब्जा हटवाने को ही एंट्री भू माफिया टास्कफोर्स का गठन किया। टास्कफोर्स के तहसील स्तर पर एसडीएम की अध्यक्षता में सीओ, तहसीलदार एवं क्षेत्रीय वनाधिकारी को शामिल हैं। विभागीय भूमि पर कब्जा होने के कारण उक्त विभागाध्यक्ष टीम के ही सदस्य होंगे। शिकोहाबाद एसडीएम अम्बरीश कुमार बिंद ने नावली गांव में तालाब पर कब्जा करने वालों का कब्जा हटाने के साथ कब्जाधारक से 25 हजार रुपया शुल्क सरकारी खजाने में ही जमा कराया है।
20 मार्च से 15 अप्रैल तक कब्जा मुक्त कराई जमीन
तहसील कब्जों की संख्या कुल भूमि
फिरोजाबाद 72 11.028 हेक्टेयर
शिकोहाबाद 22 5.833 हेक्टेयर
जसराना 08 7.619 हेक्टेयर
टूंडला 22 1.802 हेक्टेयर
सिरसागंज 11 1.186 हेक्टेयर
कुल 135 27.486 हेक्टेयर
तहसीलों में कब्जा वाली भूमि के चिह्नांकन का काम होगा। गांव बार अभिलेखों को देखने के बाद ही अवैध कब्जा वाली भूमि खाली कराई जाएगी।
- उदय सिंह, एडीएम