जसराना- कार्यक्रम स्थल पर मौजूद किसान एवं अन्य लोग
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मोत्सव पर प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के दो लाख 23 हजार पात्र किसानों के खाते में दो-दो हजार रुपया की किश्त पहुंच गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक क्लिक के साथ धनराशि सभी किसानों के बैंक एकाउंट में पहुंच गई है। किसान इस धनराशि को बैंक से निकाल सकेंगे।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के लिए आवेदन करने वाले किसानों की जांच पड़ताल के बाद करीब दो लाख 23 हजार किसानों के पात्र पाए जाने के कारण इनको बैंक एकाउंट में धनराशि भेजने के लिए शासन को विभाग ने अग्रसारित की थी। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म दिवस को सुशासन दिवस के रूप में मनाते हुए किसानों के बैंक खाते में सम्मान निधि को भेजने का फैसला लिया था। शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली से ही किसानों के खाते में सीधे किसान सम्मान निधि की धनराशि हस्तांतरित की है। इस योजना के तहत जिले के दो लाख 23 हजार किसानों के बैंक एकाउंट में दो-दो हजार रुपया करीब 44.60 करोड़ रुपया भेज दिया है। उप निदेशक कृ षि प्रसार डॉ. हंसराज ने बताया कि किसान इस धनराशि का उपयोग अपनी फसलों को खाद, बीज एवं पानी लगाने आदि में प्रयोग कर सकेंगे।
किसान जन सुविधा केंद्र या उनके कार्यालय में करें संपर्क
फिरोजाबाद। उपनिदेशक कृषि प्रसार डॉ. हंसराज ने कहा कि जिन किसान भाइयों के बैंक एकाउंट में तीन किश्त आने के बाद धनराशि नहीं आ रही है। वह अपने आधारकार्ड को पास के जनसुविधा केंद्र पर जाकर या फिर उप निदेशक कृषि प्रसार कार्यालय में आकर ठीक करा लें ताकि किसानों के खाते में धनराशि पहुंच सके।