सिरसागंज। सिरसागंज पुलिस ने दो दिन पूर्व धातरी स्थित पेट्रोल पंप से चोरी हुए 12 चक्का ट्रक को बरामद कर लिया है। चोर ट्रक को चोरी करने के बाद इसे बेचने की तैयारी कर रहे थे। इतना ही नहीं चोरों ने ट्रक में लगा जीपीएस को भी यमुना में फेंक दिया था।
थाना सिरसागंज पुलिस टीम ने दो दिन पूर्व मध्यरात्रि धातरी पेट्रोल पंप एनएच टू से चोरी हुए ट्रक को करहल रोड से बरामद कर एक आरोपी सियाराम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। सीओ सिरसागंज प्रवीण कुमार तिवारी ने बताया कि सूचना के आधार पर दो दिन पूर्व चोरी हुए 12 चक्का ट्रक सहित एक शातिर चोर सियाराम निवासी ग्राम सुखा थाना मुरसान जिला हाथरस को गिरफ्तार किया है। बताया कि फरार चोर सभी ट्रक ड्राइवर हैं, इन्होंने पेट्रोल पंप पर खड़े ट्रक को चुरा लिया। इसके बाद कुछ दूर जाकर ट्रक में लगे जीपीएस को हटाकर यमुना की खादर में फेंक दिया, जिससे उनकी लोकेशन नहीं मिल सके। ट्रक चोरों में बृजेश, लोकेंद्र, किशन, विनोद निवासी ग्राम सुखा थाना मुरसान जिला हाथरस और विकास निवासी मुगरिया थाना मुरसान जिला हाथरस शामिल है। सिरसागंज पुलिस द्वारा ट्रक बरामद करने पर ट्रक स्वामी ने पुलिस टीम की सराहना की है। सीओ सिरसागंज प्रवीण कुमार तिवारी, थाना प्रभारी उदयवीर मलिक, हेड कांस्टेबल विजय कुंतल और पवन कुमार को सम्मानित किया।