फिरोजाबाद। थाना रसूलपुर क्षेत्र के लालपुर मंडी रोड पर पशु व्यापारियों की कार से 41 लाख 21 हजार रुपये की चोरी के मामले में पुलिस के हाथ अहम सुराग लगा है। पुलिस की जांच में हिस्ट्रीशीटर छोटू के भाई राजू के सगे साले राज की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) मिल गई है, जिससे साफ हो गया है कि वारदात के वक्त वही भोपाल के शातिर गैंग के संपर्क में था और लोकेशन दे रहा था। पुलिस अब राज को प्राथमिकी में नामजद कर उसकी तलाश में जुट गई है।
बता दें कि मंगलवार रात एमएस ट्रेडर्स और अलीना ट्रेडर्स के संचालकों की 41.21 लाख रुपये की रकम लेकर चालक व मुनीम कानपुर जा रहे थे। लालपुर मंडी रोड पर कार खड़ी कर कर्मचारियों के हटते ही मात्र डेढ़ मिनट के भीतर एमपी नंबर की आई-20 कार सवार बदमाशों ने नकदी पार कर दी थी। भागते समय बुधवार तड़के मध्य प्रदेश के मुरैना में बदमाशों की कार डंपर से टकरा गई थी, जहां मुरैना पुलिस ने भोपाल निवासी चार घायल बदमाशों (रेहान, अरशद, खालिद व आबिद) से शत-प्रतिशत 41.21 लाख रुपये, पिस्टल व कारतूस बरामद किए थे।
घटना के बाद से ही रसूलपुर पुलिस को अपनों की मुखबिरी का पूरा शक था। शक की सुई थाने के हिस्ट्रीशीटर जंगलिया के बेटे छोटू के भाई के साले राज निवासी भोपाल पर टिकी थी। पुलिस अब राज को नामजद कर जेल भेजने की तैयारी में है, वहीं ग्वालियर में भर्ती घायल आरोपियों को बी-वारंट पर फिरोजाबाद लाया जाएगा।