पुलिस ने नहीं दिया मृतक के भांजे का मोबाइल, थाने पर हंगामा
तीन दिन पहले ट्रैक पर मिला था शव, सीओ के समझाने पर माने
संवाद न्यूज एजेंसी
खैरगढ़। तीन दिन पहले थाना मटसेना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर मृत मिले लालई निवासी युवक के परिजन ने मंगलवार को थाना खैरगढ़ पहुंच कर हंगामा किया। परिजन ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है। थाना पहुंचे परिजन ने कहा कि थाना पुलिस ने घटना के बाद उनके भांजे से लिया मोबाइल फोन वापस नहीं किया है। हंगामे की सूचना मिलने पर सीओ शिकोहाबाद भी मौके पर पहुंचे। सीओ द्वारा समझाने के बाद लोग वहां से लौट गए।
तीन दिन पूर्व थाना खैरगढ़ क्षेत्रांर्गत लालई निवासी 22 वर्षीय प्रशांत का शव थाना मटसेना क्षेत्रांर्गत रेलवे ट्रैक पर मिला था। युवक की मौत के मामले में पुलिस पड़ताल कर रही है। मृतक के परिजन के मुताबिक घटना के बाद थाना खैरगढ़ पुलिस ने उनके भांजे प्रयागराज का मोबाइल पड़ताल के नाम पर ले लिया था। जिसे बार-बार मांगने के बाद भी वापस नहीं किया जा रहा है। इसी को लेकर प्रशांत के पिता अजीत सिंह और चाचा दानवीर आदि अन्य परिजन के साथ थाना खैरगढ़ पहुंच गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक इसी को लेकर मृत युवक के परिजन व थाना पुलिस के बीच नोकझोंक भी हुई। सीओ शिकोहाबाद भी खैरगढ़ पहुंच गए। थाना प्रभारी खैरगढ़ विनोद कुमार का कहना है कि समझाबुझा कर परिजन को संतुष्ट कर दिया है।