फिरोजाबाद में महिला सहित चार शातिर तस्कर गिरफ्तार
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त चेकिंग के दौरान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मादक पदार्थों की तस्तरी का भंडाफोड किया है। पुलिस ने मादक पदार्थ की तस्करी में संलिप्त चार लोगों को पकड़ा है। इन तस्करों में एक महिला भी शामिल है। पुलिस ने करीब एक करोड़ कीमत की नौ किलोग्राम चरस, मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
एसएसपी आशीष तिवारी के निर्देश पर सिरसागंज थाना पुलिस और एसओजी की टीम ने सोमवार को लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर चेकिंग की। चेकिंग के दौरान एक्सप्रेसवे स्थित अंडरपास के नीचे से चार लोगों को पकड़ा। इन लोगों के पास करीब एक करोड़ रुपये की कीमत की नौ किलोग्राम चरस बरामद की। अभियुक्तों के साथ एक महिला शीला निवासी नवलपुरा योगापट्टी, जिला बेतिया को भी पकड़ा।
पुलिस इनके शरणदाताओं की तलाश में जुटी
पुलिस की नजरों से बचने के लिए शातिर तस्कर महिला को अपने साथ रखते थे। पुलिस ने सभी चारों अभियुक्तों मुस्लिम मियां निवासी नेपाल, अरबाज खान निवासी कालिंदी विहार आगरा और मनीष राठौर निवासी कालिंदी विहार आगरा के पास से एक मोटर साइकिल, तीन मोबाइल फोन और 5000 की नकदी बरामद की है। पुलिस इनके शरणदाताओं की तलाश में जुट गई है। सभी के स्थानीय जिले में भी संपर्कों की जांच की जा रही है।
नेपाल-बिहार बार्डर के रास्ते से करते थे प्रवेश
एसपी कार्यालय में वार्ता के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक रणविजय सिंह ने बताया कि पकड़े गए चारों अभियुक्त अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चरस की तस्करी में संलिप्त हैं। लंबे समय से यह काम कर रहे हैं। पकड़े गये अभियुक्त और उनके कई अन्य साथी नेपाल से सटी बिहार की सीमा से देश में प्रवेश करते हैं। बरामद की गई चरस की सप्लाई दिल्ली एनसीआर में देनी थी।