उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में पुलिस ने फरार चल रहे गैंगस्टर आरोपी को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही उसका साथी भी पकड़ा गया है। पुलिस ने इसे बोझिया कट के पास से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इसे न्यायालय में पेश किया। यहां से उसे जेल भेज दिया गया। आरोपी क्षेत्र में मिट्टी और बालू का खनन कराता था।
शिकोहाबाद थानाध्यक्ष हरवेंद्र मिश्र ने बताया कि धर्मेंद्र उर्फ डीके निवासी लक्ष्मीनगर, शिकोहाबाद का क्षेत्र में दबदबा था। सपा सरकार के दौरान उसने अवैध वसूली और अवैध कारोबार में संलिप्त होकर रौब से अकूत संपत्ति कमाई। इसके बाद भाजपा सरकार आने पर कुछ समय के लिए भूमिगत हो गया। कुछ समय पहले उसने फिर से अवैध वसूली का कारोबार शुरू कर दिया।
मिट्टी व बालू का खनन करता था
बताया कि अवैध कारोबार से 20 ट्रक खरीदे। इन ट्रकों का इस्तेमाल वह मिट्टी व बालू के खनन में करता था। पुलिस ने उस पर विभिन्न धाराओं में आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज कर उस पर गैंगस्टर एक्ट में कार्रवाई की। सोमवार को मुखबिर की सूचना पर उसे बोझिया कट से साथी मनोज निवासी मोहनीपुर जसराना हाल निवासी लक्ष्मीनगर के साथ गिरफ्तार कर लिया।
फरार अपराधी की गिरफ्तारी को दी दबिश
थानाध्यक्ष ने बताया कि डीके एक शातिर किस्म का अपराधी है। उसने सपा सरकार में अवैध तरीके से करोड़ों की संपत्ति कमाई है। इसकी जांच की जा रही है। शीघ्र ही उसके खिलाफ अवैध संपत्ति की कुर्की अथवा ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी। बताया कि डीके के भाई डिम्पू की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगी हुई हैं। एसएसपी ने उसकी गिरफ्तारी के लिए एसओजी और क्राइम ब्रांच के साथ थाना पुलिस को लगाया है।