फिरोजाबाद। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना प्रधानमंत्री आत्मनिर्भर स्वनिधि योजना का आगाज हो गया। योजना की आगाज पर जिले के सभी निकाय क्षेत्रों में शिविर आयोजित कर पथ विक्रेताओं एवं रेहड़ी चालकों का पंजीकरण कराया गया। इसके अतिरिक्त सभी निकायों में पंजीकृत पथ विक्रेताओं को दस-दस हजार का ऋण उपलब्ध कराने के लिए आवेदन भरवाए गए। नगर निगम के पालीवाल हॉल में आयोजित शिविर में सैकड़ों पथ विक्रेता पंजीकरण कराने के पहुंचे। 1310 लोगों के ऋण के लिए आवेदन हुए जबकि 536 नए पंजीकरण किए गए।
प्रधानमंत्री आत्मनिर्भर स्वनिधि योजना के तहत लॉकडाउन में आजीविका का संकट झेलने वाले पथ विक्रेताओं और रेहड़ी चालकों को आर्थिक मदद दी जानी है। केंद्र सरकार की योजना को अमलीजामा पहनाने के लिए बृहस्पतिवार को जिले के नगर निगम एवं अन्य निकायों में पंजीकरण प्रक्रिया एवं ऋण उपलब्ध कराने के लिए पंजीकृत श्रमिकों के आवेदन भरवाए गए। नगर निगम के पालीवाल हॉल में नगर आयुक्त विजय कुमार एवं पीओ डूडा सुभाषवीर सिंह राजपूत की मौजूदगी में सैकड़ों महिला एवं पुरुष पथ विक्रेता एवं रेहड़ी चालक पंजीकरण कराने पहुंचे।
एक दिन में भरवाए गए आवेदन-पंजीकरण
प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत जिले में ऑफलाइन करीब 530 एवं ऑनलाइन कुल छह नए आवेदन भरवाए गए। वहीं करीब 1310 पंजीकृत पथ विक्रेताओं को ऋण उपलब्ध कराने के लिए आवेदन पत्र भरवाए गए।
पीएम स्वनिधि के माध्यम से मिलने वाली वित्तीय राहत
पीएम स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि योजना के माध्यम से रेहड़ी चालकों एवं पथ विक्रेताओं को दस-दस हजार रुपये का बिना गारंटी ऋण के अतिरिक्त अन्य सुविधाएं भी मिलेंगी। ऋण भुगतान से जुड़ी लेनदेन की प्रक्रिया के दौरान लाभार्थियों को डिजिटल लेनदेन करने पर साल में करीब 1200 रुपये का कैशबैक, नियमित ऋण भुगतान सात प्रतिशत की ब्याज सब्सिडी मिलेगी।