विद्यार्थी परिषद कार्यालय में तमंचे लेकर घुसे युवक
आरोपियों को पकड़ने दौड़े पदाधिकारी, पथराव से भगदड़
पुलिस की मौजूदगी के बाद भी फरार हो गए युवक
अमर उजाला ब्यूरो
फीरोजाबाद। विद्यार्थी परिषद के कार्यालय में रविवार को कुछ युवक तमंचे लेकर घुस गए। संगठन के पदाधिकारियों ने हथियारों के साथ पहुंचे इन युवकों को पथराव कर दौड़ा लिया। विवेकानंद चौराहे पर पुलिस पुलिस खड़ी थी। उसको सूचना दी लेकिन पुलिस ने हथियारबंद युवकों को पकड़ना तो दूर पीछा तक नहीं किया। वह भागने में सफल हो गए।
गांधी पार्क चौराहा स्थित गोशाला में विद्यार्थी परिषद का कार्यालय है। रविवार शाम यहां बैठक चल रही थी। इसी दौरान तीन वाहन पर पांच युवक पहुंचे। एक युवक बाइक से उतर कर विद्यार्थी परिषद के जिला संयोजक हिमांशु से बात करने लगा। राज नामक युवक ने हिमांशु से बात कर रहे युवक के पास तमंचा देख लिया। यह जानकारी विभाग संगठन मंत्री नीतू शर्मा को दी। विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारी और कार्यकर्ता कार्यालय से बाहर आ गए। बाहर भी एक युवक खड़ा था उस पर भी तमंचा था। विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता व पदाधिकारियों ने हथियारबंद युवकों को पकड़ने का प्रयास किया, तो वह भागने लगे। एबीवीपी कार्यकर्ता युवकों पर पथराव करते हुए छिंगामल के बाग तक पहुंच गए। बाजार में अफरा तफरी मच गई। सड़क पर पुलिस जीप में उपनिरीक्षक के साथ एक सिपाही मौजूद था। कार्यकर्ताओं ने पुलिस से युवकों को पकड़ने के लिए कहा तो पुलिस जीप के चालक ने घटनास्थल उत्तर थाना क्षेत्र में बताते हुए युवकों का पीछा करने से मना कर दिया। बाद में विद्यार्थी परिषद कार्यालय पर नगर विधायक मनीष असीजा, भाजपा महानगर अध्यक्ष कन्हैयालाल गुप्ता, राजेंद्र बौहरे, अजय गुप्ता सहित कई पार्टी नेता पहुंच गए।
100 नंबर पर सूचना, 40 मिनट बाद पहुंची पुलिस
विद्यार्थी परिषद के विभाग संगठन मंत्री नीतू शर्मा ने बताया कि उन्होंने 100 नंबर पर घटना की जानकारी दी। 40 मिनट बाद पुलिस मौके पर पहुंची और पूछताछ कर वहां से लौट आई। नीतू शर्मा का यह भी आरोप है कि छिंगामल बाग के सामने खड़ी पुलिस यदि युवकों की गिरफ्तारी का प्रयास करती तो आरोपी पकडे़ जाते, लेकिन पुलिस ने उत्तर का मामला कहते हुए युवकों का पीछा नहीं किया।
एक संदिग्ध युवक पकड़ा, तहरीर दी
फीरोजाबाद (ब्यूरो)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यालय में हथियार लेकर घुसे युवकों में से एक संदिग्ध को पकड़ कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया है।
भाजयुमो के महानगर संयोजक अंकित तिवारी ने बताया कि हमलावर युवक सिटी प्लाजा में मौजूद थे। घेराबंदी कर एक युवक को पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। विभाग संगठन मंत्री नीतू शर्मा ने हिमांशु के ऊपर युवक द्वारा तमंचा तानने, अभद्र भाषा का प्रयोग करने का आरोप लगाते हुए थाना उत्तर में तहरीर दी है। उनका कहना है कि कार्यालय परिसर में तमंचे लेकर घुसे एक युवक ने तमंचे से फायरिंग भी की थी।