फिरोजाबाद। गैस पाइप लाइन डालते वक्त क्षतिग्रस्त हुई पेयजल लाइन मरम्मत का काम शुक्रवार की सुबह पूरा हो गया। पेयजल लाइन मरम्मत के बाद इंदिरा नगर कॉलोनी स्थित 100 से अधिक परिवारों ने राहत की सांस ली। जलकल विभाग के अनुसार इंदिरा नगर और नगला करन सिंह से जुड़ी गलियों में नियमित जलापूर्ति शुरू हो गई है।
बीते बुधवार की दोपहर गेल ठेकेदार द्वारा गैस पाइप लाइन डालते वक्त इंदिरा नगर कॉलोनी स्थित पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त होने के बाद क्षेत्र के करीब 100 घरों में पानी का संकट खड़ा हो गया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची जलकल टीम ने पाइप लाइन मरम्मत का काम शुरू कर दिया। लेकिन रामा काॅवेंट स्कूल वाली गली संकरी होने के कारण पाइप लाइन मरम्मत कार्य में बाधा आ रही थी। हालांकि शुक्रवार की सुबह मौके पर पहुंचे निगम जलकल विभाग के अवर अभियंता मनोज कुमार की मौजूदगी में पाइप लाइन की मरम्मत का काम पूरा हो गया। एक्सइएन जलकल सतीश कुमार के मुताबिक पाइप लाइन मरम्मत के बाद इंदिरा नगर कॉलोनी एवं उससे सटी नगला करन सिंह की गलियों में जलापूर्ति बहाल हो गई है।