टूंडला (फिरोजाबाद)। सोशल मीडिया पर तमंचे के साथ फोटो वायरल करना एक युवती को महंगा पड़ गया। सोशल मीडिया पर वायरल फोटो का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने युवती को गिरफ्तार किया है। उसके पास से तमंचा व जिंदा कारतूस बरामद कर न्यायालय भेजा है। जहां से उसे जेल भेज दिया।
पिछले कुछ दिनों पूर्व एक युवती ने फेसबुक पर तमंचे के साथ अपना फोटो वायरल किया था। वायरल फोटो पर उसने कमेंट भी लिखा था, जिसमें उसने कहा था कि हमारे बापू ने बोला है कि टेकना नहीं सीधे गोली दो। सोशल मीडिया पर वायरल इस फोटो व कमेंट का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने युवती की तलाश की थी।
शुक्रवार को पुलिस को जानकारी हुई कि सोशल मीडिया पर तमंचे के साथ वायरल युवती कुमारी भारती निवासी गांव सरायनूरमहल थाना पचोखरा है। पुलिस ने गांव पहुंचकर आरोपी युवती भारती को घर से गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी शिवभान सिंह राजावत ने बताया कि आरोपी युवकी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा है। उसके पास से तमंचा व दाे कारतूस बरामद किए गए हैं।