मोहल्ला जाटवपुरी स्थित सैयद गंज में एक युवक द्वारा तीन फीट गली घेरने के विरोध में क्षेत्रीय जनता ने शनिवार को नगर निगम पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया तथा कब्जा हटाने को नगर आयुक्त के नाम एक ज्ञापन भी दिया।
कांग्रेस नेता शफात खान, प्रकाश निधि गर्ग, नुरुलहुदा लाला राइन के नेतृत्व में जाटवपुरी के बाशिंदे नगर निगम पहुंचे। सरफुद्दीन, इस्तकार अहमद का कहना था कि सैयद गंज में डा. फिरदौसी के बगल वाली गली में जमील द्वारा निर्माण कार्य कराया जा रहा है। गली 10 फुट की है, उसमें जमील ने तीन फीट जगह को अपने प्रयोग ले लिया है, जिससे गली काफी संकरी हो गई है। गत दिवस विद्युत विभाग द्वारा गली में पोल लगाने के लिए कर्मचारी आए, तो जमील ने पोल नहीं लगने दिए। गली संकरी होने के कारण क्षेत्रीय लोगों को काफी परेशानी हो रही है। गली में निर्माण न कराने की कहते हैं तो वह लड़ाई झगड़े पर उतारू हो जाता है। क्षेत्रीय लोगों ने चेतावनी दी कि जमील द्वारा किए अवैध कब्जा को नहीं हटवाया गया तो धरना प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे। चेतावनी देने वालों में जाकिर अहमद, शाकिर, नवीन, जमील, शाहरुख, मो. हनीफ, वारिश, निजाम आदि हैं।