UP Nikay Chunav: फिरोजाबाद में भाजपा प्रत्याशी के बोल बिगड़े हुए हैं। बयान का लोगों ने विरोध किया तो नेताजी पलटी मार गए। अब उन्होंने उठक-बैठक लगाई। साथ ही हाथ जोड़कर माफी भी मांगी।
उत्तर प्रदेश में इन दिनों निकाय चुनाव का खुमार अपनी चरम पर है। टिकट मिलने के बाद नेता जी लोग जनसंपर्क में लगे हुए हैं। कई नेता जी तो टिकट मिलने को ही जीत मान बैठे हैं। तभी तो अति आत्मविश्वास में क्या बोल जा रहे हैं उन्हें आभास तक नहीं होता। जब आभास होता है तो नेताओं के गुण के अनुसार तत्काल माफी भी मांग लेते हैं।
विज्ञापन
ऐसा ही एक मामला फिरोजाबाद से सामने आया है। यहां भाजपा की टिकट पर वार्ड संख्या 11 से चुनाव में ताल ठोक रहे योगेश शंखवार शायद अति आत्मविश्वास पर आ गए। उनका एक बयान चर्चा का विषय बना हुआ है। इसमें वह कह रहे हैं कि उन्हें ब्राह्मण और ठाकुर समाज का वोट नहीं चाहिए। इन लोगों को वोट देना तो मजबूरी है...।
बयान पर समाज के लोगों में रोष
चुनाव प्रचार के दौरान कही गई इस बात का कुछ लोगों ने वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। इसको लेकर दोनों समाज के लोगों में रोष है। लोग तरह-तरह से अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। इतना ही नहीं कई भाजपा नेता भी उनके विरोध में उतर आए हैं।
उठक-बैठक लगाते हुए जारी किया वीडियो
भाजपा नेताओं का कहना है कि उपसभापति रह चुके योगेश शंखवार ने जनता के हित को दरकिनार किया था। भारी विरोध के बाद आखिर टिकट कैसे मिली ? यह बड़ा सवाल है ? जब लोगों के बीच आक्रोश बढ़ने लगा तो नेता जी उठक-बैठक लगाते हुए एक वीडियो जारी किया। इसके माध्यम से वह अपने बयान पर माफी मांग रहे हैं।
नगर निगम के उपसभापति भी रहे चुके
ज्ञात हो कि योगेश शंखवार 2017 के चुनाव में नगर निगम के उपसभापति भी रहे थे। इस बारे में योगेश शंखवार का कहना है कि हमारे विरोधियों ने साजिश रचकर वीडियो जारी कर दिया था। ऐसी बात मैं कभी कहना तो दूर बल्कि सोच भी नहीं सकता। फिर भी मैने उठक-बैठक लगाकर माफी मांगी है।